जयपुर में धर्मांतरण को लेकर फिर हुआ विवाद, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

जयपुर: जयपुर शहर के प्रताप नगर में एक बार फिर कथित रूप से धर्मांतरण का मामला सामने आया है। तीन दिन में यह दूसरा मामला है जब कुछ लोगों पर जबरन धर्मांतरण कराने के आरोप लगे हैं। मंगलवार दोपहर को बजरंग दल के कार्यकर्ता एक मकान के बाहर एकत्रित हुए। बाद में एक साथ मकान में घुसे और हंगामा करने लगे। मकान में मौजूद लोगों पर धर्मांतरण का आरोप लगाया। लोगों का आरोप है कि बीमारियों के इलाज के बहाने लोगों को भ्रमित करते धर्म परिवर्तन कराया जाता है। सूचना मिलने पर प्रताप नगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लगाए ये आरोप
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि प्रताप नगर में हिंदुस्तान बाइबिल इंस्टीट्यूट में लोगों को बहला फुसलाकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। यहां पर बाहरी लोग आकर स्थानीय गरीब परिवारों के लोगों का धर्म परिवर्तन करते हैं। एक व्यक्ति चेन्नई से यहां आया हुआ बताया और दूसरा बांसवाड़ा के बागीदौरा से। इन दोनों लोगों पर स्थानीय लोगों को बहकाने के आरोप लगाए गए हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि चेन्नई का व्यक्ति कोई काम धंधा ही नहीं करता है तो वह यहां क्या कर रहा है। स्थानीय लोगों को घर में बुलाकर धर्म प्रचार क्यों कर रहे हैं।





