सीएम साय ने विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन, योजनाओं की सराहना की

बेमेतरा  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बेमेतरा जिले के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन से पहले विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की सराहना की।

कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य विभाग, जिला पंचायत, क्रेडा विभाग (पीएम सूर्य घर योजना), महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक सेवा केंद्र तथा प्राथमिक सहायता केंद्र सहित कई विभागों के आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। प्रत्येक स्टॉल पर विभागीय योजनाओं की झलक दिखाने वाले मॉडल, पोस्टर, उपकरण एवं हितग्राही सामग्री प्रदर्शित की गई थी।

मुख्यमंत्री साय ने कृषि विभाग के स्टॉल में नवीनतम कृषि उपकरण, उन्नत बीज, जैविक खाद और प्राकृतिक खेती के प्रदर्शन को देखा और किसानों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने उद्यानिकी विभाग द्वारा लगाए गए फल-फूल, सब्जी उत्पादन एवं पौधशालाओं के प्रदर्शन की भी सराहना की।

मत्स्य विभाग के स्टॉल में आधुनिक मत्स्य पालन तकनीक, जाल निर्माण और तालाब आधारित मत्स्य उत्पादन के मॉडल प्रस्तुत किए गए थे, जिनका मुख्यमंत्री ने गहन अवलोकन किया। उन्होंने जिला पंचायत और क्रेडा विभाग के स्टॉल पर जाकर “प्रधानमंत्री सूर्य घररू मुफ्त बिजली योजना” की जानकारी ली और बताया कि यह योजना आमजन को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करेगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में “पोषण अभियान”, “प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना” और “हमर स्वस्थ लइका” जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की झलक प्रस्तुत की गई। मुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों से मुलाकात कर उनके द्वारा तैयार उत्पादों की प्रशंसा की और आत्मनिर्भरता के इस मॉडल को प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। लोक सहायता केंद्र और प्राथमिक सहायता केंद्र के स्टॉलों पर नागरिक सेवाओं, हेल्थ कार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार, पेंशन, राशन कार्ड जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनसेवा केंद्र ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुके हैं और इन केंद्रों के माध्यम से शासन की योजनाएँ अब सीधे लोगों तक पहुँच रही हैं।

अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कलेक्टर रणबीर शर्मा, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में शामिल सभी विभागों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बेमेतरा जिला समन्वित विकास की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन तक योजनाओं की अधिकतम पहुँच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button