बांग्लादेश, नेपाल के बाद Gen Z ने मेडागास्कर में गिराई सरकार, ‘तख्तापलट’ के बाद आनन-फानन में देश छोड़कर भागे राष्ट्रपति

अंटानानारिवो: युवाओं के भारी विरोध प्रदर्शनों के चलते मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने देश छोड़ दिया है। बांग्लादेश और नेपाल के बाद जेनरेशन जेड के विरोध के चलते पद से हटने वाले एंड्री सबसे नए नेता हैं। कथित तौर पर एक फ्रांसीसी सैन्य विमान में एंड्री राजोइलिना ने देश छोड़ा है। अफ्रीका के पूर्वी तट पर स्थित द्वीपीय देश मेडागास्कर में बिजली-पानी की कमी और महंगाई के मुद्दे पर युवा बीते महीने सड़कों पर उतरे थे। बीते दिनों में ये प्रदर्शन हिंसक हो गए। खासतौर से राजधानी अंटानानारिवो में जोरदार प्रदर्शन और हिंसा के बाद राष्ट्रपति को देश छोड़ने को मजबूर होना पड़ा है।
मेडागास्कर की संसद में विपक्ष के नेता सितेनी रैंड्रियानासोलोनियाको ने रविवार को राजोइलिना के देश छोड़कर चले जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सेना की यूनिट के प्रदर्शनकारियों के साथ शामिल होने के बाद राजोइलिना ने ये फैसला लिया।। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय के कर्मचारियों ने राष्ट्रपति के देश छोड़कर चले जाने की बात बताई है। हालांकि राजोइलिना कहां गए हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है।
मेरी जान को खतरा था: राष्ट्रपति
मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोइलिना ने कहा है कि सैन्य विद्रोह के बाद देश में उनकी जान को खतरा था। इसलिए उन्होंने देश छोड़ दिया है। एंड्री ने देश छोड़ने के बाद सोमवार देर रात अज्ञात स्थान से राष्ट्रीय टीवी पर देश को संबोधित किया। उन्होंने अपने देश छोड़कर जाने के बारे में बताया लेकिन राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने की घोषणा नहीं की।
कैसे निकले, इस पर संदेह
देश छोड़ने के बाद राष्ट्रपति एंड्री ने अपने भाषण में कहा कि मुझे अपने जीवन की रक्षा के लिए सुरक्षित स्थान खोजने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने यह नहीं बताया कि वह मेडागास्कर में कहां रह रहे थे और कैसे निकले हैं। उनके फ्रांस के सैन्य विमान से देश से बाहर जाने से जुड़ी रिपोर्ट पर फ्रांस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।