सिंहस्थ 2028 होगा हाईटेक… श्रद्धालुओं की राह आसान करेगा मोबाइल एप, जाम-पार्किंग की मिलेगी सटीक जानकारी

भोपाल। उज्जैन में वर्ष 2028 में होने जा रहे सिंहस्थ के लिए पुलिस द्वारा मोबाइल एप तैयार कराया जा रहा है। यह एप श्रद्धालुओं को गंतव्य तक जाने के लिए आसान पहुंच मार्ग, जाम की स्थिति, परिवर्तित मार्ग की जानकारी देगा। इससे यह भी पता चलेगा कि पार्किंग कहां-कहां है। पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए स्थान है या नहीं।

सिंहस्थ में व्यवस्था बनाने में सहायता

यह भी तैयारी है कि एप के माध्यम से श्रद्धालुओं का पंजीयन कराया जाए, जिससे पुलिस प्रशासन को संभावित जानकारी मिल जाए कि किस स्थान के लिए कितने श्रद्धालु आएंगे। इसे अनिवार्य नहीं किया जाएगा, लेकिन एक वर्ष पहले ही इसे खूब प्रचारित किया जाएगा जिससे अधिक से अधिक लोग इसका उपयोग करें। इससे पुलिस प्रशासन को सिंहस्थ में व्यवस्था बनाने में सहायता मिलेगी।

तीन करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना

प्रयागराज महाकुंभ में एप के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था प्रारंभ की गई थी, पर खास सफलता नहीं मिली। इसी कारण उज्जैन के लिए इसके अधिकतम प्रचार की तैयारी है। सिंहस्थ में देशभर से लगभग तीन करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। भीड़ के चलते अव्यवस्था की कोई स्थिति नहीं बने, इसलिए पुलिस-प्रशासन का सर्वाधिक ध्यान भीड़ प्रबंधन पर है।

श्रद्धालुओं के लिए एप बहुत उपयोगी

इसमें अत्याधुनिक तकनीक का भरपूर उपयोग किया जाना है। एआइ और मोबाइल एप्लीकेशन इसमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण होंगे। एप में अन्य फीचर जोड़ने के लिए जानकारों से चर्चा की जा रही है। उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए एप बहुत उपयोगी साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button