चांदी में अचानक भारी गिरावट, 5000 रुपये लुढ़की, सोना चमका, नए रेट जान लीजिए

नई दिल्‍ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सराफा बाजार में सोमवार को चांदी की कीमतों में दो फीसदी की भारी गिरावट आई। यह घटकर 2.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। वहीं, सोने की कीमतों में 700 रुपये का उछाल देखा गया। यह 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक बाजारों में चांदी की कमजोरी के कारण इसमें गिरावट दर्ज की गई। इसके उलट सोने को केंद्रीय बैंक की खरीदारी और सुरक्षित निवेश की मांग से सहारा मिला।

अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 5,000 रुपये या 1.96 फीसदी लुढ़ककर 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्‍स मिलाकर) हो गई। यह शुक्रवार को 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम थी। दूसरी ओर 99.9 फीसदी शुद्धता वाले सोने का भाव 700 रुपये बढ़कर 1,59,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्‍स मिलाकर) हो गया। पिछली बार यह 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजारों में भी चांदी नरम

लेमन मार्केट्स डेस्क के रिसर्च एनालिस्‍ट गौरव गर्ग ने बताया कि वीकेंड की तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। इससे चांदी की शुरुआत नरम रही। उन्होंने आगे कहा, ‘हालांकि, केंद्रीय बैंक की खरीदारी, आईटी और एआई शेयरों में गिरावट के बीच सुरक्षित निवेश की मांग में बढ़ोतरी और कमजोर डॉलर इंडेक्स ने इसके नुकसान को को कम करने में मदद की है।’वैश्विक बाजारों में भी यही रुझान दिखा। हाजिर चांदी लगभग एक फीसदी घटकर 76.94 डॉलर प्रति औंस रह गई, जबकि सोना 40.10 डॉलर या एक फीसदी घटकर 5,003.01 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

क्‍या कह रहे हैं एक्‍सपर्ट?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्‍ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा कि डॉलर में मामूली सुधार और उसके बाद लिवाली की कमी से कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा। इससे सोमवार को सोने में गिरावट आई। उन्होंने यह भी बताया कि लूनर न्‍यू ईयर की छुट्टियों के कारण चीनी बाजार बंद होने से कारोबारी गतिविधियां धीमी रहीं। चीनी प्रतिभागियों की गैर-मौजूदगी ने बाजार की धारणा को कमजोर किया है। खासकर चांदी के हालिया उतार-चढ़ाव में उनकी अहम भूमिका रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button