राजपाल यादव ने बताया जेल में उनके लिए क्या था सबसे मुश्किल, शेयर की कानूनी लड़ाई पर आगे की प्लानिंग

एक्टर राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 17 फरवरी को अंतरिम जमानत मिली थी, जिसके बाद वह पत्नी राधा यादव के साथ शाहजहांपुर अपने गांव चले गए थे। वहां वह भतीजी की शादी में शामिल होने गए थे। अब राजपाल यादव ने अपनी जेल टर्म और कानूनी लड़ाई पर बात की। पत्नी राधा यादव ने बताया कि वह इस मुश्किल से कैसे निपटने की कोशिश कर रहे हैं। राजपाल यादव और राधा यादव ने एक इंटरव्यू में कहा कि कानूनी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और वो एक-एक कदम लेकर आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही राजपाल यादव ने बताया कि जेल में उनके लिए क्या सबसे मुश्किल रहा था और आगे का क्या प्लान है।

राजपाल यादव और राधा ने यह बात ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में कही। इसमें उन्होंने जेल में बिताए वक्त के बारे में भी बात और बताया कि उनके लिए परिवार से दूर रहना कितना मुश्किल रहा।

राजपाल यादव ने बताया जेल में उनके लिए क्या था मुश्किल

राजपाल यादव बोले, ‘सबसे मुश्किल चीज परिवार से दूर रहना था। इसके अलावा मैंने रुटीन अपना लिया था। मैं सुबह जल्दी उठता था और ब्रीदिंग एक्सर्साइज करता था। मानसिक संतुलन बनाए रखने पर ध्यान देता था। और ये मामला कई साल से चल रहा है। मुझे लगा कि इसे कानूनी रूप से निपटाना ही सही है।’

यह बोलीं राजपाल यादव की पत्नी राधा

वहीं, राजपाल यादव की पत्नी राधा ने कहा, ‘हमने सभी कानूनी और जो भी सम्मानजनक विकल्प थे, उन पर विचार किया था। कभी-कभी समाधान केवल इच्छाशक्ति पर निर्भर नहीं करता, बल्कि समय पर भी निर्भर करता है।’

मदद करने वालों के लिए यह बोले राजपाल यादव और राधा

राजपाल यादव जब तिहाड़ जेल गए, तो फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग उनकी मदद को आगे आए। सोनू सूद और सलमान खान, अजय देवगन से लेकर गुरमीत चौधरी, गुरु रंधावा, मीका सिंह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी समेत कई सेलेब्स ने राजपाल यादव की आर्थिक मदद की। कई सेलेब्स ने राजपाल यादव को काम ऑफर किया। राजपाल और उनकी पत्नी ने मदद करने वालों का नाम तो नहीं बताया, पर उन सभी का शुक्रिया अदा किया, जो इस मुश्किल घड़ी में उनकी मदद को आगे आए। राजपाल बोले, ‘मुझे मिले प्यार और सद्भावना के लिए मैं आभारी हूं। इस दौरान जो बात मेरे साथ सबसे ज्यादा जुड़ी रही, वह थी लोगों का विश्वास। दर्शकों, कलीग और मेरे शुभचिंतकों का मुझ पर विश्वास कायम रहा। मुझ जैसे व्यक्ति के लिए सम्मान, समय और अपनी बात कहने का मौका मिलना किसी भी चीज से ज्यादा मायने रखता है।’

राजपाल यादव ने बताया अब आगे क्या करेंगे

राजपाल यादव ने फिर अपने भविष्य का प्लान बताया कि वह आगे क्या करेंगे। वह बोले, ‘मैं कोर्ट का सम्मान करता रहूंगा और हर निर्देश का पालन करूंगा। मैंने शुरू से ही यही रुख अपनाया है और कानूनी प्रक्रिया को अपना काम करने दूंगा। काम के शेड्यूल कुछ समय के लिए लटक सकता है, लेकिन मैं धीरे-धीरे और जिम्मेदारी से काम फिर से शुरू करूंगा। एक्टिंग कई सालों से मेरी जिंदगी रही है और मैं इसके प्रति समर्पित हूं।’

बताया अंतरिम जमानत के बाद क्या किया

राजपाल यादव ने फिर बताया कि अंतरिम जमानत मिलने के बाद उन्होंने क्या किया। वह बोले, ‘रिहाई के बाद मैं सीधे शाहजहांपुर अपनी भतीजी की शादी में गया और अपने परिवार के साथ होने पर बहुत खुश था। मुश्किल दौर के बाद उस पल अपनों के बीच रहना मेरे लिए बहुत मायने रखता था।’

राजपाल यादव का चेक बाउंस मामला क्या है?

मालूम को राजपाल यादव ने साल 2010 में एक फिल्म बनाई थी ‘अता पता लापता’ और उसी से जुड़े चेक बाउंस केस में उन्हें जेल जाना पड़ा था। यह मामला साल 2012 में शुरू हुआ, जब राजपाल यादव की फिल्म रिलीज हुई। इसमें उन्होंने मुरली प्रोजेक्ट्स नाम की एक प्राइवेट कंपनी से 5 करोड़ रुपये लेकर लगाए थे। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही और पैसे भी डूब गए। राजपाल यादव पर आर्थिक तंगी आ गई, काफी नुकसान हुआ और जिस कंपनी से पैसे लिए थे वो भी डूब गए। समय रहते वह लिए पैसे वापस नहीं कर पाए और वक्त के साथ ब्याज लगकर 5 करोड़ से रकम 9 करोड़ रुपये हो गई। राजपाल यादव ने इस दौरान कंपनी को जो 7 चेक अलग-अलग समय पर दिए थे, वो सभी बाउंस हो गए। तब मुरली प्रोजेक्ट्स ने राजपाल यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। वही मामला बढ़ते-बढ़ते अब 2026 तक जा पहुंचा था और फिर दिल्ली हाई कोर्ट को राजपाल यादव को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश देना पड़ा।

18 मार्च को अगली सुनवाई, कोर्ट में राजपाल यादव को रहना होगा मौजूद

राजपाल यादव ने भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मांगी थी, जो उन्हें कुछ शर्तों और बेल बॉन्ड भरने के बाद 30 दिनों के लिए मिल गई। अब राजपाल यादव के इस केस की सुनवाई 18 मार्च को होगी और तब उन्हें और विपक्षी पार्टी को कोर्ट में उपस्थित होना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button