पीएनबी ने कुलदीप निगम वृद्धाश्रम में किया अन्नदान

रायपुर। राजधानी रायपुर में सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां पंजाब नेशनल बैंक ने माना स्थित कुलदीप निगम वृद्धाश्रम में अन्नदान कर बुजुर्गों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

बैंक के रायपुर मंडल द्वारा आयोजित इस सेवा कार्य के तहत आश्रम में चावल, दाल, आटा, खाने का तेल, सोया बड़ी, छोले, राजमा, आलू सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री प्रदान की गई। इसके अलावा कुकर और पीवीसी पाइप जैसी उपयोगी वस्तुएं भी दान में दी गईं।

इस अवसर पर मंडल प्रमुख वीरेंद्र कुमार शर्मा ने आश्रम परिसर का निरीक्षण किया और वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्हें आश्रम की स्थापना से लेकर अब तक की गतिविधियों की जानकारी दी गई। उन्होंने बुजुर्गों की सेवा के लिए संचालित कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में आश्रम के पदाधिकारी और अन्य लोग भी मौजूद रहे। यह पहल न केवल जरूरतमंदों की मदद का उदाहरण है, बल्कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता का संदेश भी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button