सीनियर स्टूडेंट जूनियर से भरवाते हैं कूलर में पानी, एमपी के तीन बड़े संस्थानों में रैगिंग की शिकायत, यूजीसी ने थमाया नोटिस

भोपाल। प्रदेश में रैगिंग के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। एक ही दिन में सोमवार को तीन बड़े शहरों से शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें भोपाल स्थित बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय (बीयू), ग्वालियर का लक्ष्मीबाई नेशनल इंस्टीट्यूट आफ फिजिकल एजुकेशन और इंदौर का इंडेक्स मेडिकल कालेज हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर शामिल हैं।

बीयू के जवाहर छात्रावास में जूनियर छात्र का उत्पीड़न

इसमें बीयू के जवाहर छात्रावास में रहने वाले एक जूनियर छात्र ने रैगिंग की शिकायत दर्ज कराई है। छात्र का आरोप है कि दो सीनियर विद्यार्थी उससे जबरन कूलर में पानी भरवाते हैं और बार-बार पीने का पानी लाने के लिए कहते हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि गर्मी में कूलर में जल्दी-जल्दी पानी खत्म हो जाता है तो रात में भी उठाकर पानी भरवाते हैं। इसके अलावा, सीनियर अपने प्रोजेक्ट से जुड़े काम भी उससे करवाते हैं। यहां तक कि पूरा प्रोजेक्ट तैयार करवाते हैं। लगातार हो रहे इस दुर्व्यवहार से परेशान होकर छात्र ने यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। छात्र ने सीनियर विद्यार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

संस्थानों में अनुशासन और सुरक्षा पर उठे सवाल

बता दें, कि प्रदेश में पहले भी रैगिंग के मामले सामने आते रहे हैं, लेकिन एक ही दिन में तीन बड़े शहरों से शिकायतें दर्ज होना गंभीर स्थिति को दर्शाता है। यह घटनाएं छात्रों की सुरक्षा और संस्थानों में अनुशासन पर सवाल खड़े कर रही हैं।

यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन का बीयू को नोटिस

बीयू को एंटी रैगिंग हेल्पलाइन ने भेजा नोटिस। शिकायत मिलने के बाद यूजीसी एंटी रैगिंग हेल्पलाइन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी है। विश्वविद्यालय को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। बीयू का प्रॉक्टोरियल बोर्ड इस मामले में मंगलवार को विद्यार्थियों से पूछताछ करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button