श्योपुर: मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक उत्साहजनक अपडेट सामने आया है। प्रोजेक्ट चीता के तहत मादा चीता 'मुखी' के नर और मादा शावकों की मॉनिटरिंग और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। शनिवार को विशेष प्रक्रिया के तहत इन दोनों शावकों के गले में सैटेलाइट कॉलर आईडी स्थापित की गई। इसके लिए विशेषज्ञों की देखरेख में दोनों चीतों को बाड़े के भीतर ही सुरक्षित तरीके से ट्रेंकुलाइज यानी बेहोश किया गया था।

दोनों शावक पूरी तरह स्वस्थ

कॉलर आईडी पहनाने के साथ ही पशु चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की गहन जांच भी की। इस दौरान एक शावक के पैर में मामूली खरोंच या चोट नजर आई थी, जिसका मौके पर ही उचित उपचार कर दिया गया। कूनो प्रबंधन के मुताबिक, दोनों शावक अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और इनकी उम्र लगभग एक वर्ष है। इस प्रक्रिया के बाद अब इन शावकों को बाड़े से निकालकर कभी भी खुले जंगल में स्वतंत्र विचरण के लिए छोड़ा जा सकता है।
घायल होने की खबरों का खंडन

पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर यह अफवाह तेजी से वायरल हो रही थी कि कूनो नेशनल पार्क में दो चीते गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका अंदरूनी इलाज चल रहा है। इन भ्रामक और चिंताजनक खबरों पर कूनो वन्यजीव प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की है। अधिकारियों ने साफ किया कि चीतों के घायल होने की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। असल में यह सारी प्रक्रिया उनके गले में सैटेलाइट कॉलर आईडी पहनाने और सामान्य मेडिकल चेकअप के दौरान एहतियातन की गई थी।

PCCF डॉ. ने की खंडन की पुष्टि

पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) डॉ. समीता राजौरा ने भी इन खबरों का खंडन करते हुए पुष्टि की है कि मुखी चीता के दोनों शावक पूरी तरह सुरक्षित और सेहतमंद हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि जब भी किसी बड़े वन्यजीव प्रोजेक्ट में ऐसे अभियान चलते हैं, तो सोशल मीडिया पर कई बार अधूरी जानकारियों के आधार पर सनसनी फैला दी जाती है, जिससे बचना जरूरी है।
राजस्थान के जंगलों में डेरा जमाए बैठे हैं कूनो के दो बागी चीते

एक तरफ जहां कूनो के भीतर शावकों को खुले जंगल में भेजने की तैयारी चल रही है, वहीं दूसरी तरफ कूनो नेशनल पार्क की सीमा पार कर राजस्थान पहुंचे दो चीतों की मूवमेंट ने भी वन विभाग को सतर्क कर रखा है। जानकारी के मुताबिक, कूनो से निकलकर पिछले दिनों राजस्थान के करणपुर पहुंचे दो चीतों में से एक चीता अभी भी करणपुर रेंज के आसपास ही मौजूद है, जबकि दूसरा चीता आगे बढ़ते हुए धौलपुर जिले के सरमथुरा इलाके तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश और राजस्थान के वन विभाग की विशेष टीमें इन दोनों मेहमानों की पल-पल की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रही हैं।

मिल सकती है यहीं रहने की छूट

अधिकारियों का कहना है कि ये चीते जब तक अपनी मर्जी से राजस्थान या आसपास के खुले इलाकों में रहना चाहें, तब तक उन्हें उनकी प्राकृतिक शैली में रहने दिया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर इनकी सुरक्षा को लेकर कोई खतरा महसूस होता है या इन्हें कोई परेशानी आती है, तभी इन्हें ट्रेंकुलाइज कर वापस सुरक्षित स्थान पर लाया जाएगा। यदि ये चीते खुद ही इस नई टेरिटरी (क्षेत्र) को अपना लेते हैं और अनुकूल माहौल पाते हैं, तो इन्हें यहीं रहने की छूट दी जा सकती है।