नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कॉर्पोरेट टैक्स में कटौती से मिले मुनाफे को अपनी जेब में रखने के लिए PM मोदी द्वारा बिजनेस लीडर्स की आलोचना किए जाने को लेकर अपना समर्थन जताया है। उन्होंने IIT ग्रेजुएट का उदाहरण देते कहा कि जनता बताती है कि नौकरी पाना बेहद मुश्किल हो गया है। शशि थरूर पहले भी कई अवसरों और मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं।
थरूर बोले-कंपनियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा-'मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह एक सच्चाई है। हो सकता है कि कॉरपोरेट जगत के पास इसके बचाव में अपनी कोई दलील हो, लेकिन जहां तक मैं समझता हूं, प्रधानमंत्री का तर्क यह है कि सरकार ने टैक्स इसलिए कम किए थे ताकि कंपनियां ज्यादा निवेश करें, ज्यादा नौकरियां पैदा करें और वेतन बढ़ाएं, लेकिन कंपनियों ने अपना वादा पूरा नहीं किया...।'
जनता बताती है कि नौकरी पाना बेहद मुश्किल हो गया
शशि थरूर ने आगे कहा-'जनता हमें बताती है कि नौकरी पाना बहुत मुश्किल हो गया है। उदाहरण के लिए, पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी IIT ग्रेजुएट को प्लेसमेंट नहीं मिल पाया। मेरा मतलब है कि पहले ऐसी बातें सुनने को नहीं मिलती थीं, जिससे पता चलता है कि रोजगार का माहौल, खासकर कॉलेज ग्रेजुएट्स के लिए, काफी खराब है...। अर्थव्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत है।'
अगर प्रधानमंत्री कंपनियों पर उंगली उठा रहे हैं और कंपनियां सरकार की नीतियों पर उंगली उठाना चाहती हैं, तो यह देखने वाली बात होगी।
शशि थरूर, कांग्रेस
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस असल में कहीं नहीं दिखती: थरूर
केरल के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर ने कहा-'हमारा मानना है कि सरकार कुछ चीजें बेहतर तरीके से कर सकती है। वे नियमों को सरल बना सकते हैं। 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' (व्यापार करने में आसानी) असल में कहीं नहीं दिखती। और मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि जिन भी व्यापारियों से मैं बात करता हूं, उनके अनुसार भ्रष्टाचार पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है। और सच कहूं तो, प्रधानमंत्री ने एक बार बहुत मशहूर बात कही थी-'न खाऊंगा, न खाने दूंगा।' अब हमें समझ आया कि उनका मतलब शायद सिर्फ 'बीफ' (गोमांस) से था।'
PM मोदी ने कॉरपोरेट वर्ल्ड से पूछा था सवाल-क्या आपने नौकरियां पैदा कीं, सैलरी बढ़ाई
पिछले हफ्ते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने FICCI में कॉरपोरेट इंडिया के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कंपनियों से सवाल किया कि क्या सरकार द्वारा टैक्स में कटौती और अन्य लाभ दिए जाने के बाद उन्होंने और अधिक नौकरियां पैदा की हैं और वेतन बढ़ाया है।
क्या है ईज ऑफ डूइंग बिजनेस?
'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' यानी 'कारोबार करने में आसानी' का मतलब है कि किसी देश या क्षेत्र में कंपनी शुरू करना और चलाना कितना सरल, तेज और किफायती है। यह सरकारी नियमों, लाइसेंसिंग, करों, कानूनी प्रवर्तन और सार्वजनिक सेवाओं की कार्यक्षमता को दर्शाता है।
विश्व बैंक समूह ने 2002 में 'डूइंग बिजनेस' प्रोजेक्ट की शुरुआत की, जिसकी पहली रिपोर्ट 2003 में प्रकाशित हुई। जबकि भारत ने 2014 में इस दिशा में एक बड़ा राष्ट्रीय प्रयास शुरू किया।
शुरुआत (2002–2003): इसे विश्व बैंक के अर्थशास्त्रियों सिमियन जंकोव, माइकल क्लेन और कैराली मैक्लीश ने तैयार किया था और 2003 में पहली 'डूइंग बिजनेस' रिपोर्ट जारी की गई।
भारत में 2014 में शुरू किया गया था ईज ऑफ डूइंग बिजनेस
2014 में भारत सरकार ने नियामक सुधारों की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया और अनुपालन के बोझ को कम करने के लिए 'बिजनेस रिफॉर्म्स एक्शन प्लान' (BRAP) की शुरुआत की।
ऐतिहासिक रूप से, विश्व बैंक के 'डूइंग बिजनेस इंडेक्स' के जरिए 190 अर्थव्यवस्थाओं में इसे मापा जाता रहा है। इसके मूल्यांकन में आमतौर पर इन फैक्टर्स पर ध्यान दिया जाता है-
व्यवसाय शुरू करना: रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया, लगने वाला समय और शुल्क।
परमिट और सुविधाएं: निर्माण परमिट प्राप्त करना, बिजली कनेक्शन लेना और संपत्ति का पंजीकरण कराना।
वित्त और कर: ऋण की उपलब्धता, निवेशकों की सुरक्षा और कर भुगतान की व्यवस्था।
व्यापार और कानूनी प्रणालियां: सीमा-पार व्यापार के नियम, अनुबंधों का पालन और दिवालियापन से जुड़े मामलों का समाधान।
पीएम मोदी के 12 साल के नेतृत्व की तारीफ कर चुके हैं थरूर
शशि थरूर ने इससे पहले जुलाई में पीएम मोदी के 12 साल के कामकाज की समीक्षा करते एक लेख लिखा था। उन्होंने इसमें पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता और देश की तरक्की को लेकर तारीफ की थी।
थरूर ने लिखा था कि बीते 12 सालों में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में आर्थिक आधुनिकीकरण और सरकारी क्षमता बढ़ाने के मामले में जबरदस्त तरक्की हुई है। साथ ही संस्थागत स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों को शामिल करने के मामले में निराशाजनक गिरावट भी देखी गई है। यह रिकॉर्ड इस बात की अहम जानकारी देता है कि भारत 21वीं सदी में कैसे आगे बढ़ेगा।