भोपाल के सुखी सेवनिया इलाके में रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास एक कुएं में 23 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक की पहचान विशाल वंशकार पिता छोटेलाल वंशकार, निवासी सुखी सेवनिया के रूप में हुई है। वह चार दिन से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कुएं से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए गांधी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) की मर्चुरी में रखवाया। रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दो साल से चल रहा था इलाज
मृतक के बड़े भाई राजेश वंशकार ने बताया कि विशाल के दिमाग का पिछले दो साल से इलाज चल रहा था। कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति में परेशानी बढ़ गई थी। वह कई-कई दिनों तक बिना बताए घर से बाहर रहता था और फिर लौट आता था।
इसी वजह से चार दिन से घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। परिजनों ने उसकी तलाश के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया।
कुएं में शव देखकर ग्रामीणों ने दी सूचना
रविवार सुबह सुरभि कॉलेज के पास स्थित कुएं में युवक का शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मर्ग कायम कर जांच शुरू
सुखी सेवनिया पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों ने किसी पर संदेह जताते हुए आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस युवक के कुएं तक पहुंचने और उसकी मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।