कांग्रेस और उसके सहयोगी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष नितिन नवीन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दिए गए नवीन के बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि वे अहम राजनीतिक मुद्दों पर बात करने के बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नैरेटिव को दोहरा रहे हैं।

यह आलोचना उस घटना के एक दिन बाद आई है, जब शनिवार को पटना में एक सभा को संबोधित करते हुए नवीन ने राहुल गांधी पर "विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरे" के रूप में काम करने और देश के हितों के खिलाफ जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रही है और इसलिए देश के विकास को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।

विपक्ष का आरोप: बचकानी बात कर रहे हैं

नवीन की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि BJP अध्यक्ष केवल RSS की बातों को दोहरा रहे हैं। उन्होंने सत्ताधारी पार्टी को चुनौती दी कि वे विदेशी टूलकिट से जुड़े अपने आरोपों को साबित करके दिखाएं।

उन्होनें कहा कि, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन की आदत है कि उन्हें RSS जो भी बातें बताता है, वे बस उसे ही दोहरा देते हैं। अगर कोई टूलकिट है, तो वे इसके बारे में बताएं। उन्हें कौन रोक रहा है? अगर उन्हें लगता है कि संविधान की रक्षा करना और तिरंगा फहराना किसी टूलकिट का हिस्सा है, तो मैं इसे बचकाना मानता हूं।


RJD ने विदेशी हाथ का किया जिक्र

RJD के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने BJP अध्यक्ष की राजनीतिक समझ पर सवाल उठाया और उन्हें सलाह दी कि विपक्ष पर आरोप लगाने से पहले उन्हें थोड़ा और पढ़ना चाहिए।


BJP नेता पर पलटवार करते हुए झा ने कहा कि, नितिन नवीन जी, कृपया थोड़ा अध्ययन करें। मैं ऐसी दर्जनों किताबों के नाम बता सकता हूं जिनमें बताया गया है कि जब भी सत्ता में बैठे लोगों को खतरा महसूस होता है, तो वे 'विदेशी हाथ' (foreign hand) की बात करने लगते हैं। उनसे पहले भी किसी ने 'विदेशी हाथ' का जिक्र किया था। मैंने सोशल मीडिया पर भी इस बारे में लिखा है। झा ने आगे कहा कि भाजपा प्रमुख को केवल दावे फैलाने के बजाय ठोस तर्कों और सत्यापित जानकारी पर भरोसा करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "आप दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दलों में से एक के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, इसलिए आपको पढ़ना-लिखना चाहिए। व्हाट्सएप फॉरवर्ड से काम नहीं चलेगा। आज जनता हर चीज की 'फैक्ट-चेक' (सच्चाई की जांच) कर लेती है। वे आपके बयानों की भी जांच कर सकते हैं और एक घंटे के भीतर सब कुछ स्पष्ट कर सकते हैं। आपकी सरकार ने आय की असमानता, और किसानों व मजदूरों की बदहाली के लिए क्या किया है?"