मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब जन विश्वास अभियान में आने वाली समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिलों का औचक निरीक्षण करेंगे। वे हेलिकॉप्टर से अचानक जिलों में पहुंचेंगे। उधर, स्वामित्व योजना में जीरो प्रोग्रेस पर रीवा, शहडोल एवं धार के कलेक्टर को बुधवार को हुई बैठक में फटकार लगाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि दीपावली के पर्व के दौरान कार्बाइड गन का कारोबार पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाए, क्योंकि कार्बाइड गन बहुत नुकसानदेह है।

कलेक्टर, आईजी, एसपी और संभाग आयुक्त के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग में मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार की प्राथमिकता वाले जन विश्वास अभियान में सभी अधिकारियों को फील्ड में जाना ही है। सभी अधिकारी इस दिन फील्ड में रहकर अधिकतम जनसमस्याओं को मौके पर ही निराकृत करें।


कलेक्टर विशेष प्रयास से निपटाएं लंबित प्रकरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिन जिलों में जनसमस्याओं की लंबित स्थिति बनी हुई है, वहां कलेक्टर्स विशेष प्रयास कर लंबित प्रकरणों को न्यूनतम स्थिति में लेकर आएं।

जन विश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन में सर्वाधिक लंबित शिकायतों वाले विभाग राजस्व विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पीएचई के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल विभागीय स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में ऐसा देखा जा रहा है कि कुछ कलेक्टर इसमें पूरी गंभीरता से कार्य नहीं कर रहे हैं। यह बेहद आपत्तिजनक है। कलेक्टर्स मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में अपने प्रदर्शन में तत्काल सुधार लाएं।

रीवा, शहडोल, धार कलेक्टर के काम पर नाराजगी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व से सम्मान, नि:शुल्क रजिस्ट्री के महाअभियान की भी समीक्षा की।

इस योजना के अंतर्गत 21 अक्टूबर 2026 की स्थिति में कुल 49 लाख 48 हजार 980 प्लॉट्स की नि:शुल्क रजिस्ट्री के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 1 लाख 60 हजार 230 नि:शुल्क रजिस्ट्रियां की जा चुकी हैं।

इस दौरान बताया गया कि रीवा, शहडोल एवं धार में कई पटवारी हलकों में प्रोग्रेस जीरो प्रतिशत है। इस पर नाराजगी जताते हुए मुख्य सचिव बर्णवाल ने न्यूनतम प्रगति वाले 10 जिलों के कलेक्टर्स को फौरन सुधार लाने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन पटवारी हलकों में काम शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल काम प्रारंभ कराएं।

अल्प वर्षा की स्थिति से निपटने के लिए बनाएं विशेष कार्ययोजना

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के 12 जिलों में अल्प वर्षा की जानकारी मिली है। जिन जिलों के जिन क्षेत्रों में न्यूनतम वर्षा हुई, वहां कलेक्टर विशेष ध्यान दें।

प्रदेश के 34 जिलों में इस वर्ष सामान्य वर्षा हुई है, वहीं 12 जिलों में आलीराजपुर, धार, झाबुआ, रतलाम, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, उज्जैन, पांढुर्णा, शाजापुर, छिंदवाड़ा में सामान्य वर्षा से 19 प्रतिशत से कम वर्षा हुई है।

बैठक में प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग ने बताया कि सड़कों की मरम्मत एवं अन्य निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इनमें नगरीय निकायों के अपूर्ण कामों को भी शामिल कर लिया जाए और इन्हें तेजी से पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की आवश्यक मरम्मत का काम दीपावली से पहले पूरा करा लें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी प्रकार के भवन निर्माण कार्य भी तय समय सीमा में पूरे करने के लिए कार्य में तेजी लाएं।

कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प के उपयोग पर लगाएं सख्ती से अंकुश : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि आगामी तीज-त्योहारों और सामाजिक एवं धार्मिक मेलों के दौरान सभी कलेक्टर्स-एसपी विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प का उपयोग नहीं हो, क्योंकि लोकल मेड कार्बाइड गन और कार्बाइड लैम्प इंसानों के लिए बेहद खतरनाक होती हैं।

कार्बाइड गन के उपयोग की प्रक्रिया में पानी के संपर्क में आने पर कैल्शियम कार्बाइड से निकलने वाली एसीटिलीन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होती है, जो थोड़ी-सी चिंगारी से भी विस्फोट कर सकती है। इस विस्फोट में छोटे-छोटे प्लास्टिक और धातु के कण बाहर निकलकर आंखों, चेहरे और त्वचा को गंभीर रूप से घायल कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान पटाखों की अवैध बिक्री पर रोक लगाएं। किसी जिले में यदि किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति निर्मित होगी, तो इसके लिए कलेक्टर और एसपी ही जिम्मेदार माने जाएंगे।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योहारों और सामाजिक मेलों के आयोजन के संदर्भ में कलेक्टर-एसपी को विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिलों में संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं।

कहीं भी किसी भी प्रकार के सामाजिक या सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व के दौरान भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक तत्वों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें। इन स्थानों पर नियमित एवं प्रभावी पेट्रोलिंग की जाए। महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पटाखों की दुकानों को लाइसेंस जारी करते समय विक्रेताओं की दुकानों का भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण भी किया जाए। किसी भी स्थान पर विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण न होने दें। अवैध भंडारण पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा प्रतिबंधित पटाखों के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं उपयोग पर भी प्रभावी रोक लगाई जाए।

मिलावटखोरी को सख्ती से रोकें

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगामी सभी तीज-त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्रियों में मिलावटखोरी को सख्ती से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नकली या मिलावटी मावा, घी, पनीर और मिठाइयां न बिकने पाएं। विभाग द्वारा बताया गया कि अब तक मिलावटखोरी पाए जाने पर 17 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 42 प्रकरणों में एफआईआर भी दर्ज की गई है।