कटनी जिले में शुक्रवार देर शाम पुलिस की लापरवाही का मामला सामने आया। बहोरीबंद थाने की पुलिस कस्टडी से तीन आरोपी जिला जेल कटनी के गेट के सामने से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने तलाश के दौरान एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
धारा 151 में कार्रवाई के बाद जेल लेकर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, बहोरीबंद थाने की पुलिस शुक्रवार देर शाम धारा 151 के तहत कार्रवाई पूरी करने के बाद तीन आरोपियों राकेश, रंजीत और अभिषेक को जिला जेल कटनी में दाखिल कराने पहुंची थी। पुलिस टीम तीनों को जेल के अंदर दाखिल कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही थी। इसी दौरान जेल गेट के सामने मौका पाकर तीनों पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
एक आरोपी पकड़ाया, दो की तलाश जारी
आरोपियों के फरार होने के बाद पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर की मशक्कत के बाद एक आरोपी को दोबारा पकड़ लिया गया। वहीं, दो अन्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस की विशेष टीमें कर रही तलाश
स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।