कटनी के बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपए के जेवरात चोरी करने वाले बदमाशों ने वारदात की पूरी तैयारी की थी। पुलिस की शुरुआती जांच में झारखंड के साहिबगंज के 6-7 सदस्यीय गैंग पर शक है। सीसीटीवी फुटेज और फिंगर प्रिंट से मिले सुराग के आधार पर पुलिस इस गैंग तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए पेचकस और पाना जैसे औजार मुंबई से खरीदे थे। वहीं गैस कटर और ऑक्सीजन सिलेंडर कटनी से ही लिए गए थे। वारदात के बाद पुलिस को शोरूम के पीछे लाल पहाड़ी पर कुछ सामान भी मिला है। इसमें गैस कटर, ऑक्सीजन और घरेलू एलपीजी सिलेंडर शामिल हैं।
32 कैमरे थे, लेकिन वारदात रिकॉर्ड नहीं हुई
शोरूम के अंदर 32 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इसके बावजूद चोरी की पूरी वारदात कैमरों में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। आईजी प्रमोद वर्मा के मुताबिक, बदमाशों ने पहले कैमरों का कनेक्शन बंद किया और फिर शोरूम में चोरी की।
शुक्रवार को सामने आए फुटेज में एक बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधकर पाना और पेचकस से काउंटर खोलने की कोशिश करता दिख रहा है। बाहर मौजूद दूसरा बदमाश उसे औजार पकड़ा रहा है।
पौने दो फीट का छेद किया, नीचे बिछाए पत्ते
बदमाशों ने शोरूम की पिछली ईंट की दीवार को सब्बल से तोड़ा था। दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया गया। शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक, बदमाशों ने टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछाए थे, ताकि अंदर घुसते समय या औजार सरकाते वक्त आवाज न हो।
जिस जगह से बदमाश अंदर घुसे, वहां न तो रोशनी थी और न ही सीसीटीवी कैमरा। संचालक के मुताबिक, सरकारी जमीन होने के कारण वहां लाइट और कैमरे नहीं लगाए जा सके थे।
जांच के दायरे में गार्ड, पुलिस कर रही पूछताछ
शोरूम में चोरी के दौरान अलार्म बजा था, लेकिन गार्ड भागवत तिवारी ने न पुलिस को सूचना दी और न ही संचालक को। मोहन बजाज के मुताबिक, गार्ड सुबह 10 बजे तक शटर के बाहर बैठा रहा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। वारदात में शोरूम के किसी कर्मचारी की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
लॉकर नहीं था, काउंटर में रखे थे सारे जेवर
शोरूम संचालक ने बताया कि कंपनी की ओर से लॉकर या तिजोरी रखने का प्रावधान नहीं है। सभी जेवर डिस्प्ले काउंटर में रखे हुए थे। दीपावली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा स्टॉक था। इसी का फायदा उठाकर बदमाश करीब 12 करोड़ रुपए के सोने और हीरे के जेवर ले गए।
6-7 पेशेवर बदमाशों के शामिल होने का शक
आईजी प्रमोद वर्मा और डीआईजी अतुल सिंह ने शुक्रवार को शोरूम पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया था। आईजी के मुताबिक, मौके से फिंगर प्रिंट और दूसरे सबूत मिले हैं। शुरुआती जांच में 6-7 पेशेवर बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस को इनके झारखंड के साहिबगंज का होने का शक है।
कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को लाल पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस समेत कई सामान मिले हैं। पुलिस ने सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। चोरों की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।