कटनी जिले की सीमा से लगे उमरिया जिले के ग्राम झाल निवासी युवक की कथित झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सर्दी-जुकाम का इलाज कराने पहुंचे युवक को डॉक्टर ने दो इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।
उसे बरही अस्पताल से कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने क्लीनिक संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
पहले इंजेक्शन के बाद होने लगी उल्टी
मृतक की पत्नी रनों साकेत ने बताया कि उनके पति ओमप्रकाश पिता विशाली चौधरी (31) पिछले तीन दिनों से सर्दी-जुकाम से परेशान थे। शुक्रवार को वह उन्हें मोटरसाइकिल से पास के गांव छतराइन स्थित निजी क्लीनिक लेकर पहुंचीं। यहां मौजूद व्यक्ति ने ओमप्रकाश को इंजेक्शन लगाया।
इसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं। पत्नी ने जब इस बारे में पूछा तो उसने सब ठीक होने का भरोसा दिलाया और दूसरा इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद ओमप्रकाश बेहोश हो गए।
बरही से कटनी जिला अस्पताल किया रेफर
ओमप्रकाश की हालत बिगड़ने पर क्लीनिक संचालक ने परिजनों को उन्हें बरही अस्पताल ले जाने के लिए कहा। परिजन उन्हें निजी साधन से बरही अस्पताल लेकर पहुंचे।
यहां गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का दावा है कि रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी।
पिता की डिग्री पर क्लीनिक चलाने का आरोप
मृतक के पिता विशाली लाल चौधरी ने आरोप लगाया कि इलाज करने वाले व्यक्ति का नाम आर्यन प्रताप सिंह है। उसके पास मेडिकल प्रैक्टिस की वैध डिग्री नहीं है। वह अपने पिता की डिग्री और नाम का इस्तेमाल कर क्लीनिक चला रहा है। पिता का आरोप है कि गलत इलाज और लापरवाही से लगाए गए इंजेक्शन के कारण उनके बेटे की जान गई।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि क्लीनिक संचालक की शैक्षणिक योग्यता और इलाज में इस्तेमाल किए गए इंजेक्शन की जांच होनी चाहिए। साथ ही दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।