वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों पर पड़ रहा है। श्रीगंगानगर और जैसलमेर में शनिवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने 10 से ज्यादा जिलों में दो दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम बदलने से ठंड बढ़ गई है। इससे पहले शुक्रवार को बीकानेर संभाग के जिलों में शुक्रवार को हवा चलने के साथ आसमान में हल्के बादल छाए। मौसम के इस बदलाव से अधिकतम तापमान तक गिर गया।

वहीं, माउंटआबू में सबसे ठंडी रात रही। यहां तापमान 11 डिग्री के करीब रहा।

कई जिलों में छाए बादल, हवा ठंडी: पिछले 24 घंटे में बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, जैसलमेर, झुंझुनूं के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल छाए। इन जिलों में दिन में हल्की ठंडी हवा चली। शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा। जबकि, बाड़मेर में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।

रात में भी तापमान में उतार-चढ़ाव: मौसम के बदलाव का असर शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पर भी रहा। कुछ शहरों में तापमान में गिरावट हुई, तो कुछ में बढ़ोतरी। सबसे ठंडी रात हिल स्टेशन माउंट आबू में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सिरोही में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

16 से तापमान में गिरावट की संभावना: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 14 नवंबर को 6 जिलों में बादल छाने के साथ तेज हवा चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 नवंबर को 8 जिलों में यलो अलर्ट है। इसके अलावा 16 नवंबर से राज्य के अधिकांश शहरों के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है।


राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल

जयपुर: राजधानी में शुक्रवार को दिनभर मौसम सामान्य रहा। सुबह से देर शाम तक आसमान साफ रहा और धूप रही। अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दिन में दिनभर मौसम सुहावना रहा, लेकिन शाम होने के साथ हल्की ठंडक रही।


अजमेर: शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप रहने से मौसम सामान्य रहा, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंडक का असर बढ़ा।


सीकर: शुक्रवार दोपहर बाद बादलों की आवाजाही रही। यहां 3 दिन से मौसम ड्राई बना हुआ था। वहीं शुक्रवार शाम को बादलों के बाद हल्की उमस बढ़ गई। अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में 15 नवंबर के बाद तापमान में फिर मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है।


उदयपुर: शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 0.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। रात के तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात ठंड का असर बढ़ने लगा है।


कोटा: शुक्रवार को दिन और रात के तापमान में मामूली बदलाव हुआ। अधिकतम पारा 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16 सेल्सियस रहा। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने रात के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना जताई है।


जोधपुर: बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार- जोधपुर में 14 और 15 नवंबर को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है।


अलवर: शुक्रवार सुबह से मौसम सामान्य बना रहा। दोपहर में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का असर रहा। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार- अगले पांच दिनों में तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।