भाजपा महिला मोर्चा ने महिला आरक्षण विधेयक पेश करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया

नई दिल्ली
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महिला मोर्चा की दिल्ली इकाई ने लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सांसदों का बुधवार को आभार व्यक्त किया।

महिला मोर्चा की दिल्ली इकाई की प्रमुख ऋचा पांडेय ने बताया कि महिला मोर्चा की नेता-कार्यकर्ता रेल भवन और संसद इमारत के आसपास के 15 अन्य स्थानों पर एकत्रित हुईं तथा देश की महिलाओं की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री और सांसदों के प्रति आभार व्यक्त किया।

पांडेय ने कहा, ‘‘हम लोकसभा में विधेयक को गरिमापूर्ण तरीके से पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं। इस विधेयक ने कई वर्षों तक बाधाओं का सामना किया।’’

सरकार ने मंगलवार को नये संसद भवन में कार्यवाही के पहले दिन लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण प्रदान करने से संबंधित ऐतिहासिक ‘नारीशक्ति वंदन विधेयक’ को निचले सदन में पेश किया।

बहरहाल, विधेयक के प्रावधान यह स्पष्ट करते हैं कि इसके कानून बनने के बाद कराई जाने वाली जनगणना के आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए परिसीमन की कवायद या निर्वाचन क्षेत्रों के पुन: सीमांकन के बाद ही आरक्षण लागू होगा।

 

पुडुचेरी विधानसभा अनिश्चित काल के लिए स्थगित

पुडुचेरी
 पुडुचेरी विधानसभा की बैठक बुधवार को शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही अनिश्चित काल तक के स्थगित कर दी गयी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष आर सेल्वम ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम के पूर्व विधायकों एन. वेंकटसामी और एस. पलानीनाथन तथा फ्रांसीसी लेखिका और उपन्यासकार मधाना कल्याणी को श्रद्धांजलि दी जिनका हाल में निधन हो गया। सभी विधायकों ने दो मिनट तक मौन रहकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद विपक्षी दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और कांग्रेस के विधायकों ने सदन से बहिर्गमन किया। विधायक चाहते थे कि सत्र की अवधि बढ़ायी जाए।

अध्यक्ष ने विरोध कर रहे सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने को कहा लेकिन वे अपना विरोध जताते हुए सदन से बाहर चले गये।

बाद में अध्यक्ष ने आधे घंटे तक निर्धारित कामकाज खत्म करने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button