प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए महिला सशक्तिकरण के लिए अहम फैसले : जेपी नड्डा

-संसद में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने पर भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हुआ भव्य स्वागत

नई दिल्ली
 संसद के दोनों सदनों से महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने वाला विधेयक (नारी शक्ति वंदन विधेयक) पारित होने पर भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने भाजपा मुख्यालय में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

इस विधेयक के पारित होने पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। मुख्यालय में इस मौके पर मौजूद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। महिलाओं को सशक्त बनाने पर केंद्रित ये फैसले भारत के परिदृश्य और नियति में बदलाव लाएंगे।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा '' हम सबके लिए बहुत ऐतिहासिक घड़ी है। इस क्षण के हम सब चश्मदीद गवाह बने हैं, ये हमारा सौभाग्य है। इस पल का हम सबको लंबे समय से इंतजार था। दूरदृष्टि, अटूट निश्चय और पक्के इरादे के साथ ' नारी शक्ति वंदन विधेयक' को प्रधानमंत्री जी ने समय पर पारित कराया है। इसके लिए हम उनका अभिनंदन करते हैं।''

उन्होंने कहा कि भाजपा ने नारी शक्ति के सशक्तिकरण के लिए एक नहीं, बल्कि अनेक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए बहुत से कार्यक्रम चलाए। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत 12 करोड़ बहनों को इज्जत घर (शौचालय) दिए गए। इसके लिए यूनिसेफ ने भी आपको गेम चेंजर कहा। इसके साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश महिलाओं के नाम से ही उनके मकान रजिस्टर्ड किए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ देश में लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण भी प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतांत्रिक तरीके से किया है।

महिला आरक्षण विधेयक पारित होने पर अनुराग ठाकुर ने जताया प्रधानमंत्री का आभार

नई दिल्ली
 महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) संसद में पारित होने पर केंद्रीयमंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जो पिछले 30 साल में कोई नहीं कर सका, वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संभव हो गया। सिर्फ चार दिन में ही विधेयक को पारित कर दिया। यह ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के पारित होने से आज महिलाओं के लिए वो संभव हो गया, जो दुनिया के कई देशों में संभव नहीं हो सका। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आधी रात को इस विधेयक को पारित कर इतिहास रच दिया गया। अनुराग ठाकुर ने सभी राजनीतिक दलों का भी आभार व्यक्त किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button