सर्वे: बस ‘0.6’ का रह गया फासला, राजस्थान की टाइट फाइट में अभी कौन आगे

जयपुर
राजस्थान में विधानसभा चुनाव सिर पर आ चुका है। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्ष में बैठी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नवंबर में होने जा रहे चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। एक तरफ अशोक गहलोत राजस्थान में सत्ता परिवर्तन का रिवाज बदलने के लिए अपनी 'जादूगरी' की हर कला अपना रहे हैं तो दूसरी तरफ भाजपा पीएम मोदी के चेहरे को आगे रखकर माहौल अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। देखना दिलचस्प होगा कि रेगिस्तान में चुनावी ऊंट किस करवट बैठता है। फिलहाल एक ताजा सर्वे में दोनों ही पार्टियों में बेहद टाइट फाइट का अनुमान लगाया गया है।

महज 0.6 का अंतर
शुक्रवार को दिखाए गए सर्वे के मुताबिक, राजस्थान में यदि आज चुनाव हुए तो दोनों ही पार्टियों में कांटे का मुकाबला होगा। भाजपा 42.80 फीसदी वोट शेयर पर कब्जा कर सकती है। वहीं, कांग्रेस 42.20 फीसदी वोट हासिल कर सकती है। सर्वे का अनुमान है कि दोनों पार्टियों के बीच वोट शेयर का अंतर महज 0.6 फीसदी रह गया है। इसी एजेंसी ने जब जुलाई में सर्वे किया था तब भाजपा को 43.30 फीसदी और कांग्रेस को 41.80 फीसदी वोट मिलने की भविष्यवाणी की गई थी। वहीं, 2018 के चुनाव में कांग्रेस को 40.64 फीसदी वोट मिले थे जबकि भाजपा 39.08 फीसदी वोट पाकर पिछड़ गई थी।

ढूंढाड़ में किसे कितनी सीटें
ढूंढाड़ क्षेत्र में कुल 58 सीटें आती हैं। सर्वे का आकलन है कि यहां भाजपा 27-29 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। वहीं कांग्रेस को 28 से 30 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 0-2 सीटें जा सकती हैं।

मेवाड़ का क्या मूड
मेवाड़ क्षेत्र में कुल 43 सीटें आती हैं। सर्वे का अनुमान है कि यहां भी इस बार करीबी मुकाबला होगा। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही 20-22 सीटों पर कब्जा कर सकती हैं। अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं।

मारवाड़ में क्या माहौल
माड़वाड़ क्षेत्र में सर्वाधिक 61 सीटें आती हैं। सर्वे के मुताबिक भाजपा मामूली बढ़त हासिल करती दिख रही है। भाजपा को 30-32 फीसदी सीटें मिल सकती हैं तो कांग्रेस 27-29 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। अन्य के खाते में 0-4 सीटें जा सकती हैं।

हाड़ौती क्षेत्र में क्या होगा?
हाड़ौती क्षेत्र में राजस्थान की कुल 17 विधानसभा सीटें हैं। सर्वे के मुताबिक, बीजेपी को 8-10 सीटें मिल सकती हैं तो कांग्रेस 7-9 सीटों पर जीत सकती है। अन्य का यहां खाता खुलता नहीं दिख रहा है।

किसको कितनी सीटें
सीटों के लिहाज से बात करें तो बेहद मामूली अंतर से भाजपा आगे दिख रही है। सर्वे के मुताबिक 200 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा को 95 से 105 सीट पर जीत मिल सकती है। वहीं, कांग्रेस 91 से 101 सीटों पर कब्जा कर सकती है। अन्य को 3-6 सीटें मिलने का आकलन किया गया है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 100 सीटों पर जीत मिली थी तो भाजपा 73 सीटों पर कब्जा कर पाई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button