छत्तीसगढ़ में कांग्रेस में टिकट वितरण की हलचल तेज, दावेदार फिर सक्रिय

रायपुर

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के कार्यक्रम और भाजपा की परिवर्तन यात्रा के बाद एक बार फिर दुर्ग जिले में टिकट को लेकर हलचल तेज हो गई है। लंबी खामोशी के बाद दावेदार फिर से सक्रिय हो गए हैं। नेताओं की रायपुर दौड़ शुरू हो गई है। भाजपा एक सूची जारी कर चुकी है, कांग्रेस वेट एंड वाच के मू़ड में है, वहीं चर्चा है कि भाजपा दूसरी सूची जारी करने की तैयारी में है। इससे दावेदारों में फिर से हलचल मच गई है।

21 सितंबर को भिलाई के जयंती स्टेडियम में महिला समृद्धि सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शामिल हुई थीं। प्रियंका की सभा में कांग्रेस दावेदार खासे सक्रिय दिखे। प्रियंका गांधी से मिलने उनके स्वागत के लिए जिले भर के दावेदार आतुर नजर आए।

यही हाल भाजपा की परिवर्तन यात्रा का भी है। परिवर्तन यात्रा में पार्टी के बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। दुर्ग में परिवर्तन यात्रा की अगुवाई झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवरदास ने की। साथ ही प्रदेश भाजपा के भी कई नेता शामिल रहे, लिहाजा पाटन व भिलाई नगर को छोड़ दे तो वैशाली नगर, अहिवारा, दुर्ग तथा दुर्ग ग्रामीण के दावेदार खासे सक्रिय दिखे।

दुर्ग के पाटन से विजय बघेल के नाम की घोषणा हो चुकी है। वहीं वैशाली नगर से 70 से अधिक दावेदार, अहिवारा से तकरीबन 20 दावेदार, इसी तरह से दुर्ग से भी दर्जन भर दावेदार सामने आ गए थे। सूची जारी होने में देरी के बाद जिले की राजनीति में अचानक खामोशी छा गई थी, लेकिन परिवर्तन यात्रा ने एक बार फिर से भाजपा के दावेदारों को सक्रिय कर दिया है, कहा जा रहा है कि भाजपा दूसरी सूची जल्द जारी कर सकती है।

कांग्रेस के दावेदार भी सक्रिय

ब्लाक व जिला अध्यक्षों से आवेदन के बाद यह कहा जाने लगा था कि कांग्रेस भी जल्द ही अपनी सूची जारी कर देगी। इसकी संभावना भी दिखा रही थी। अचानक इस पर विराम लग गया, दरअसल ऐसा बताया गया कि सूची हाइकमान के पास पेंडिंग हो गई।

हाइकमान द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर अब टिकट दिया जाना है। इसके बाद कांग्रेस के दावेदारों ने अचानक चुप्पी साध ली थी, पर प्रियंका गांधी के भिलाई आगमन ने दावेदारों को एक बार फिर से सक्रिय कर दिया है। कुछ दावेदारों ने तो जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button