बोपन्ना का 22 साल बाद संन्यास:पेरिस ओलिंपिक मेंस डबल्स के पहले दौर में हारे, कहा- यह देश के लिए मेरा आखिरी टूर्नामेंट था

पेरिस ओलिंपिक के मेंस डबल्स के पहले दौर में रविवार को हार के बाद भारतीय टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना ने संन्यास की घोषणा कर दी। 44 साल के बोपन्ना 22 साल से भारत के लिए खेल रहे थे। उन्होंने 2002 में देश के लिए डेब्यू किया था।

रविवार को खेले गए मुकाबले में उन्हें फ्रांस की गेल मोनफिल्स और एडौर्ड रोजर वेसलिन की जोड़ी ने 5-7, 6-2 हरा दिया। इसी के साथ भारतीय जोड़ी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

वे 6 ग्रैंड स्लेम के मेंस डबल्स मैच में फाइनलिस्ट रहे। 2017 में मिक्स्ड डबल में फ्रेंच ओपन, 2024 में मेंस डबल्स में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत चुके हैं।

पेरिस ओलंपिक से पहले बोपन्ना ने आखिरी बार एशियन गेम्स 2023 में भारत के लिए शिरकत की थी, जिसमें उन्होंने मिक्स्ड डबल्स में रुतुजा भोसले के साथ गोल्ड मेडल जीता था।

यह मेरा आखिरी इवेंट था
पहले राउंड में हार के बाद बोपन्ना ने संन्यास की घोषणा की। उन्होंने PTI से कहा, “यह निश्चित रूप से देश के लिए मेरा आखिरी इवेंट होगा। मैं पूरी तरह से समझता हूं कि मैं कहां हूं और अब, जब तक यह चलता रहेगा, मैं टेनिस सर्किट का आनंद लेता रहूंगा। मैं जहां हूं, उसके लिए यह पहले से ही एक बड़ा बोनस है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दो दशकों तक भारत का प्रतिनिधित्व करूंगा। 2002 से अपने डेब्यू से और 22 साल बाद भी भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलना। मुझे इस पर बेहद गर्व है।”

बोपन्ना ने लंदन 2012 में ओलंपिक डेब्यू किया
बोपन्ना का यह तीसरा ओलिंपिक था। बोपन्ना ने अपना ओलंपिक डेब्यू लंदन 2012 में किया, जहां वह मेंस डबल्स के लिए महेश भूपति के साथ जोड़ी बनाकर दूसरे दौर में पहुंचे थे। रियो 2016 में बोपन्ना और सानिया मिर्जा मिक्स्ड डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल मैच हारने के बाद चौथे स्थान पर रहे। बोपन्ना टोक्यो 2020 ओलंपिक में जगह नहीं बना सके।

बोपन्ना ग्रैंड स्लैम जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
इस साल की शुरुआत में बोपन्ना 43 साल और नौ महीने की उम्र में अपने साथी मैथ्यू एब्डेन के साथ ऑस्ट्रेलियन ओपन की जीत के बाद टेनिस के ओपन एरा में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति बन गए।

ऑस्ट्रेलियन ओपन 2024 की जीत बोपन्ना का दूसरा ग्रैंड स्लैम टाइटल था। उन्होंने 2017 में फ्रेंच ओपन में मिक्स्ड डबल्स जीता था। बोपन्ना और एबडेन ने पिछले महीने फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई थी।

सबसे उम्रदराज वर्ल्ड नंबर-1
बोपन्ना इस साल 29 जनवरी को आई एसोसिएशन ऑफ टेनिस प्रोफेशनल्स (ATP) रैंकिंग में दुनिया के नंबर-1 मेंस डबल्स खिलाड़ी बने थे। उस समय बोपन्ना 43 साल के थे। वे 43 साल की उम्र में दुनिया के नंबर-1 मेंस डबल्स खिलाड़ी बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। फिलहाल उनकी ATP रैंकिंग 4 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button