मोदी से हाथ मिलाया तो कनाडाई सांसद का टिकट कटा:चंद्र आर्य से नाराज थी ट्रूडो की पार्टी, पिछले साल भारत दौरे पर आए थे

कनाडा की लिबरल पार्टी ने भारतीय मूल के सांसद चंद्र आर्य को पार्टी लीडरशिप की दावेदारी से बाहर कर दिया है। इसके साथ ही नेपियन से भी उनका टिकट काट दिया है। यह फैसला उन पर भारत सरकार से करीबी संबंध रखने के आरोपों के बीच आया है।

चंद्र पिछले साल भारत दौरे पर आए थे और पीएम मोदी से मिले थे। हालांकि, कनाडा सरकार और लिबरल पार्टी ने चंद्र आर्य के चुनाव लड़ने पर रोक लगाने की कोई वजह नहीं बताई है।

भारत आने से पहले पार्टी को नहीं दी जानकारी

द ग्लोब एंड मेल ने सूत्रों के हवाले से बताया कि चंद्र आर्य ने इस दौरे के बारे में कनाडा की सरकार को सूचित नहीं किया था, जबकि उस समय भारत और कनाडा के संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक कनाडियन सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस (CSIS) ने भारत सरकार के साथ आर्य के कथित करीबी संबंधों को लेकर कनाडा सरकार को जानकारी दी थी। चंद्र आर्य ने 22 जून 2024 को कनाडा की संसद में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की याद में मौन रखने पर ट्रूडो सरकार की आलोचना भी की थी।

आर्य बोले- खालिस्तानियों का विरोध करने से टिकट कटा

इस बीच भारतीय मूल के सांसद चंद्र आर्य ने कहा, मेरा टिकट भारत से करीबी संबंध रखने की वजह से नहीं कटा। एक सांसद होने के नाते मैं कई राजनयिकों और राष्ट्र प्रमुखों से मिलता रहता हूं। ऐसी किसी भी मुलाकात के लिए उन्होंने सरकार से कभी भी अनुमति नहीं ली।

आर्य ने कहा कि लिबरल पार्टी की लीडरशिप और नेपियन से उनका हटाए जाने की वजह उनका खालिस्तानी आंदोलन का लगातार विरोध करना है। आर्य कनाडा में खालिस्तानी तत्वों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं।

खालिस्तानी पन्नू ने ट्रूडो से शिकायत की थी

आर्य ने कनाडा में खालिस्तानी तत्वों के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाई है। आर्य की आलोचना से चिढ़े खालिस्तानी समूहों ने अतीत में उन्हें निशाना बनाया है। अक्टूबर में अमेरिका स्थित खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो से आर्य के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था।

चंद्र पहले जस्टिन ट्रूडो के करीबी माने जाते थे, लेकिन खालिस्तानी आतंकवाद और चरमपंथ को लेकर ट्रूडो के रुख के बाद आर्य उनके धुर विरोधी बन गए।

इससे पहले आर्य ने फैसले की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा-

QuoteImage

मुझे लिबरल पार्टी ने सूचित किया है कि नेपियन में आगामी संघीय चुनाव के लिए उम्मीदवार के रूप में मेरा नामांकन रद्द कर दिया गया है। यह खबर निराशाजनक है। लेकिन इससे नेपियन के लोगों की सेवा करने का गौरव कम नहीं हो जाएगा।

QuoteImage

इससे पहले चंद्र आर्य ने 9 जनवरी को अपनी उम्मीदवारी का ऐलान किया था। लेकिन तब भी पार्टी ने उनकी उम्मीदवारी कैंसिल कर दी थी। पार्टी ने इन्हें इसके लिए ‘अयोग्य’ बताया था।

2006 में कर्नाटक से कनाडा गए

चंद्र आर्य मूल रूप से कर्नाटक के तुमकुरु के सिरा तालुक के निवासी हैं। वे 2006 में कनाडा जाकर बस गए थे। आर्य ने धारवाड़ के कौसली इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से MBA किया है।

कनाडा पहुंचने के बाद उन्होंने ओटावा में निवेश सलाहकार के रूप में काम शुरू किया और बाद में एक रक्षा कंपनी में छह साल तक कार्यकारी के रूप में कार्य किया। राजनीति में आने से पहले वे इंडो-कनाडा ओटावा बिजनेस चैंबर के अध्यक्ष रहे।

2015 में उन्होंने पहली बार फेडरल इलेक्शन लड़ा था और चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। 2019 और 2021 में वे फिर सांसद बने। आर्य अक्सर खालिस्तानी और चरमपंथी गतिविधियों की आलोचना करते रहे हैं। वे हिंदू मंदिरों पर हमलों और धार्मिक उन्माद को लेकर चिंता जता चुके हैं।

इस वजह से उन्हें विवादों का भी सामना करना पड़ा है। अक्टूबर में अमेरिका स्थित खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने तत्कालीन प्रधानमंत्री ट्रूडो से आर्य के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की थी।

कनाडा में 28 अप्रैल को चुनाव

कनाडा में 28 अप्रैल को आम चुनाव होने वाले हैं। प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने 23 मार्च को इसका ऐलान किया। कार्नी ने जनता से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से निपटने के लिए मजबूत जनादेश मांगा। मार्क कार्नी ने इसी महीने कनाडा के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली है। उन्होंने 9 फरवरी को लिबरल पार्टी के नेता का चुनाव जीता था। कार्नी को 85.9% वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button