जब बाहर किया गया… टीम इंडिया में करुण नायर के दो बचपन के दोस्त, लीड्स टेस्ट से पहले खुलकर की बात

लीड्स: भारतीय क्रिकेट टीम का सामना इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में होने वाला है। इस सीरीज की शुरुआत लीड्स में खेले जाने वाले मुकाबले से होने वाली है। इस सीरीज के लिए टीम में 8 साल के लंबे इंतजार के बाद करुण नायर की एंट्री हुई है। लंबे समय बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले करुण नायर ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में बचपन के साथी केएल राहुल और प्रसिद्ध कृष्णा की मौजूदगी से उन्हें सहज रहने में मदद मिली और वह 8 साल बाद मिले मौके का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं।
8 साल बाद टीम में वापसी
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज करुण के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करने का मौका है। वह कई साल पहले टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने थे। नायर ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वेबसाइट पर जारी किए गए वीडियो में कहा, ‘मैं चीजों को बहुत सरल बनाए रखने की कोशिश करता हूं, हमेशा सकारात्मक चीजों के बारे में सोचता हूं, मन में कुछ लक्ष्य रखता हूं, चीजों की कल्पना करता हूं और जो कल्पना करता हूं उस पर पूरा विश्वास रखता हूं।’





