3 दिन में हिल सकती है एलन मस्क की कुर्सी

नई दिल्ली: दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क की कुर्सी खतरे में है। उनकी नेटवर्थ में इस साल 59.4 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इसके बावजूद वह 373 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे बड़े रईस की कुर्सी पर बैठे हुए हैं। लेकिन जल्दी ही यह स्थिति बदल सकती है। इसकी वजह यह है कि लैरी एलिसन की नेटवर्थ तेजी से बढ़ रही है। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल के फाउंडर एलिसन की नेटवर्थ में मंगलवार को 28.4 अरब डॉलर (करीब ₹24,53,29,28,20,000) की तेजी आई। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ 289 अरब डॉलर पहुंच गई है। अगर इसी रफ्तार से उनकी नेटवर्थ बढ़ती रही तो वह तीन दिन में मस्क को पछाड़ सकते हैं।

मस्क और एलिसन की नेटवर्थ में अभी 84 अरब डॉलर का अंतर है। इस साल एलिसन की नेटवर्थ 96.8 अरब डॉलर बढ़ी है। 80 साल के एलिसन की दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल में करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी है। करीब 37 साल तक कंपनी की कमान संभालने के बाद उन्होंने 2014 में सीईओ का पद छोड़ दिया था। साथ ही वह दिसंबर 2018 से अगस्त 2022 तक टेस्ला के बोर्ड में भी रहे थे। एलिसन ने 2012 में हवाई द्वीप में एक आइलैंड 300 मिलियन डॉलर में खरीदा था और 2020 में वह स्थाई रूप से वहां चले गए।

कौन-कौन है टॉप 10 में

अमीरों की लिस्ट में एक और उलटफेर देखने को मिला है। फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म्स के सीईओ मार्क जकरबर्ग इस लिस्ट में अब चौथे नंबर पर खिसक गए हैं। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 2.79 अरब डॉलर की गिरावट आई और यह 248 अरब डॉलर रह गई। ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस अब उनसे आगे निकल गए हैं। उनकी नेटवर्थ 249 अरब डॉलर है और वह अमीरों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button