लैरी एलिसन से 47 साल छोटी है उनकी पांचवी बीवी, शादी में स्टीव जॉब्स बने थे फोटोग्राफर

नई दिल्ली: अमेरिका की दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल के फाउंडर और चेयरमैन लैरी एलिसन की नेटवर्थ में इस साल सबसे ज्यादा तेजी आई है। बुधवार को उन्होंने एक समय एलन मस्क को भी पछाड़ दिया था। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक एलिसन अभी 363 अरब डॉलर के साथ दुनिया के दूसरे सबसे बड़े रईस हैं। मस्क 399 अरब डॉलर के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं। लेकिन इस साल उनकी नेटवर्थ में 33.2 अरब डॉलर की गिरावट आई है। दूसरी ओर लैरी एलिसन की नेटवर्थ में 171 अरब डॉलर की उछाल आई है। 80 साल के हो चुके एलिसन की प्रोफेशनल जिंदगी के साथ-साथ निजी जिंदगी भी काफी चर्चित रही है। एक नजर एलिसन की निजी जिंदगी पर…
एलिसन की पहली शादी 1967 में एडा क्विन से हुई थी। यह वह दौर था जब एलिसन संघर्ष कर रहे थे और आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। यह शादी सात साल चली और आखिरकार आर्थिक बदहाली के चलते दोनों की राहें जुदा हो गई। इसके बाद एलिसन ने 1970 के दशक में नेंसी वीलर जेनकिंस से शादी की जो केवल एक साल चली। 1980 के दशक में एलिसन ने बारबरा बूथ से शादी की जो उनकी कंपनी में रिसेप्शनिस्ट रह चुकी थीं। उनके दो बच्चे डेविड और मीगन एलिसन हैं। लेकिन यह शादी भी केवल तीन साल चल पाई।
स्टीव जॉब्स बने फोटोग्राफर
इसके बाद एलिसन ने 2003 में लेखिका मिलेनी क्राफ्ट से शादी की। यह उनकी चौथी शादी थी। कहा जाता है कि इस शादी में ऐपल के फाउंडर स्टीव जॉब्स ने वेडिंग फोटोग्राफर की भूमिका निभाई थी। यह शादी भी सात साल चली और 2010 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद एलिसन यूक्रेन की मॉडल और एक्टिविस्ट निकिता कान के साथ लंबे समय तक रिलेशन में रहे। 2016 में यह रिश्ता भी टूट गया। एलिसन ने फिर जोलिन झू के साथ शादी की। झू उनसे 47 साल छोटी हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिशिगन से इंटरनेशनल स्टडीज में बेचलर डिग्री ली है। कॉलेज फुटबॉल में एलिसन के निवेश में झू ने अहम भूमिका निभाई है।
आलीशान जीवनशैली
अपनी आलीशान जीवनशैली के लिए जाने जाने वाले एलिसन ने लग्जरी रियल एस्टेट पर करोड़ों डॉलर खर्च किए हैं। इनमें कैलिफोर्निया के मलीबू में प्रॉपर्टी, रेंचो मिराज में एक घर और प्राइवेट गोल्फ कोर्स और वुडसाइड में जापानी महल जैसा घर शामिल है। साथ ही रोड आइलैंड के न्यूपोर्ट में एस्टर बीचवुड मेंशन भी है। उन्होंने 2010 में गिविंग प्लेज पर साइन किया था। इसमें उन्होंने अपनी संपत्ति का कम से कम 95% हिस्सा दान करने का वादा किया था।
करीब 37 साल तक ओरेकल की कमान संभालने के बाद एलिसन ने सितंबर 2014 में सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था। अब वह कंपनी के चेयरमैन और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) हैं। वह दिसंबर 2018 से अगस्त 2022 तक टेस्ला के बोर्ड में भी रहे। एलिसन ने साल 2012 में हवाई आईलैंड में एक पूरा द्वीप करीब 300 मिलियन डॉलर में खरीदा था और 2020 में वह स्थाई रूप से वहां रहने चले गए। ओरेकल और टेस्ला के साथ-साथ उनकी कई कंपनियों में हिस्सेदारी है।





