एलन मस्क ने लगा ली लंबी रेस, बहुत पीछे छूट गए एलिसन, गौतम अडानी की टॉप 20 में वापसी

नई दिल्ली: एलन मस्क ने दुनिया के सबसे बड़े रईस के रूप में अपनी पोजीशन काफी मजबूत कर ली है। कुछ दिन पहले वह कुछ समय के लिए ओरेकल के फाउंडर लैरी एलिसन से पिछड़ गए थे। लेकिन पिछले दो दिनों में उनकी नेटवर्थ में काफी उछाल आई है। इस दौरान उनकी नेटवर्थ में करीब 35 अरब डॉलर की तेजी आई है। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ 419 अरब डॉलर पहुंच गई। इस साल उनकी नेटवर्थ में 13.8 अरब डॉलर की गिरावट आई है। मस्क एकमात्र रईस हैं जिनकी नेटवर्थ 400 अरब डॉलर से ज्यादा है।
एलिसन की नेटवर्थ अब 349 अरब डॉलर रह गई है। शुक्रवार को उनकी नेटवर्थ में 14.5 अरब डॉलर की गिरावट आई। वैसे इस साल उनकी नेटवर्थ 157 अरब डॉलर बढ़ी है। फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा प्लेटफॉर्म के सीईओ मार्क जकरबर्ग 265 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। ऐमजॉन के जेफ बेजोस (250 अरब डॉलर), लैरी पेज (211 अरब डॉलर), सर्गेई ब्रिन (198 अरब डॉलर), स्टीव बालमर (175 अरब डॉलर), बर्नार्ड आरनॉल्ट (163 अरब डॉलर), जेंसन हुआंग (155 अरब डॉलर) और माइकल डेल (149 अरब डॉलर) का नंबर है।
अंबानी-अडानी का हाल
भारत और एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी 98.9 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में 18वें नंबर पर हैं। इस साल उनकी नेटवर्थ में 8.25 अरब डॉलर की तेजी आई है। इस बीच अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी 82.1 अरब डॉलर के साथ फिर से टॉप 20 में वापस आ गए हैं। शुक्रवार को उनकी नेटवर्थ में 3.44 अरब डॉलर की तेजी आई है। टॉप 10 में 9 अरबपति अमेरिका के हैं जबकि टॉप 20 में उनकी संख्या 14 है।





