सपा नेता आजम खान जेल से बाहर आने के दूसरे दिन गुरुवार को रामपुर में सपा के जिला कार्यालय पहुंचे। कहा- मेरे साथ जो भी हुआ, वह बेहद बुरा हुआ है। अब इससे बुरा और क्या हो सकता है? यहां जितनी भी इमारतें बनी हैं, अब बुलडोजर लाकर उन्हें भी तोड़ दिया जाए।

अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर आजम खान ने कहा- मैं अभी जिंदा हूं।

आजम ने AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पर भी तंज कसा। कहा- हमारे इलाके में 'हैदराबादी बिरयानी' को पसंद नहीं किया जाता। यहां के लोग 'पुलाव' और मटन बिरयानी खाना पसंद करते हैं। वे एक बैरिस्टर हैं, 'मौलाना' नहीं। सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई 'मौलाना' नहीं बन जाता, ठीक वैसे ही जैसे दाढ़ी रखने से कोई 'साधु' नहीं बन जाता।

औवेसी की 19 नवंबर को हुई रामपुर रैली को लेकर आजम ने कहा- 4 कदम पर मेरा घर था। मुफ्त का टेलिफोन था। मेरी बीवी से खैरियत पूछ सकते थे। तशरीफ ला सकते थे। वो दुआ नहीं थी, मेरे दुश्मनों के लिए दवा थी।

आजम की 5 बड़ी बातें

1- अखिलेश पर कहा- हमारे यहां पदों और शब्दों की अपनी गरिमा है

अखिलेश यादव को लेकर कहा कि वे 5 बार सांसद रहे हैं। मुख्यमंत्री के बेटे हैं। खुद भी मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसलिए हमारे यहां पदों और शब्दों का पूरा सम्मान किया जाता है।

2- कांग्रेस अब पहले जैसी नहीं रही

कांग्रेस और सपा के गठबंधन पर आजम ने कहा- यह पुरानी कांग्रेस नहीं है। आज की लीडरशिप अलग है। अगर दोनों दलों के बीच कोई समझौता हुआ है, तो यह अच्छी बात है।

3- CBI की साख बहुत खराब हो चुकी

सभी संवैधानिक संस्थाओं को अपनी लाज खुद रखनी चाहिए। CBI की साख बहुत खराब हो चुकी है। एजेंसी को अपनी प्रतिष्ठा बचाकर रखनी चाहिए, क्योंकि इसकी वजह से दुनिया भर में देश की बदनामी हो रही है।


4- पिछली बार 'लूटमार का चुनाव' हुआ

चुनाव में कुछ नहीं हुआ, बल्कि यह पूरी तरह 'लूटमार का चुनाव' था। मैं खुद इसका सबसे बड़ा भुक्तभोगी हूं। जब पहली बार रामपुर में लूट हुई थी, दरोगाओं ने तमंचे लेकर लोगों को दौड़ाया था। घरों के बाहर कुंडे लगा दिए गए थे। गलियों में पुलिस-पीएसी तैनात कर लोगों को वोट डालने से रोका गया था।

अगर उस समय इंडिया ब्लॉक ने एकजुट होकर इस मुद्दे को संजीदगी से लिया होता, तो आज कुंदरकी, संभल, हरियाणा और बंगाल के चुनाव परिणाम ऐसे नहीं आते।

5- मेरी सदस्यता खत्म कर 15 दिन में चुनाव कराए गए

मुझ पर कई मुकदमे चले, जिनमें से एक 'हेट स्पीच' का मामला था। इस मामले में मेरी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई। महज 48 घंटों के भीतर नए चुनाव की घोषणा कर दी गई। जिसके बाद एक हफ्ते से 15 दिनों के बीच चुनाव भी करा लिया गया।


आजम ने यह भी कहा, पॉइंट्स में पढ़िए

  • मुझे पूरी उम्मीद है कि मैं चुनाव लड़ूंगा। अभी कोर्ट से राहत मिली है और आगे भी राहत मिलने की उम्मीद है। अगर मैं चुनाव नहीं लड़ पाया, तो शहर में दूसरे लोग भी चुनाव लड़ने के लिए हैं।

  • मैं भी अखिलेश यादव की रथयात्रा में शामिल रहूंगा, लेकिन कहां रहूंगा, यह अभी तय नहीं है।

  • 10 बार विधायक, दो बार सांसद, नेता प्रतिपक्ष और मंत्री रहा हूं। लेकिन आज भी मेरे पास इस घर के अलावा कोई जायजाद या लखनऊ में मकान नहीं है। आयकर विभाग ने जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों का मूल्यांकन दिल्ली की दरों से किया है।

  • जौहर यूनिवर्सिटी की 90 फीसदी इमारतें साल 2004-05 और 2006 तक बनकर तैयार हो गई थीं। उस समय निर्माण की लागत करीब 120 से 125 रुपए प्रति वर्गफीट थी। आयकर विभाग ने 2,400 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से मूल्यांकन किया है।

  • यूनिवर्सिटी में सैकड़ों लोग रोजाना श्रमदान करते थे। कोई साइकिल पर सीमेंट का बोरा लेकर पहुंचता था। एक बुजुर्ग महिला ने हज पर जाने का कार्यक्रम रद्द कर अपनी जमा रकम जौहर यूनिवर्सिटी को दे दी थी।

  • मैं रिक्शा चलाना बेहतर समझूंगा, लेकिन जेल जाने के लिए तैयार नहीं हूं। बीड़ियां बनवाकर गुजारा कर लूंगा, लेकिन जेल नहीं जाऊंगा। जेल में मुझे 11 बाय 22 की कोठरी में रखा गया।

  • विपक्षी दलों के बीच सीटों के बंटवारा उसी तरह है, जैसे मांगना हो तो लाइसेंस तमंचे का नहीं, तोप का मांगो। कांग्रेस के साथ सम्मानजनक समझौता और सम्मानजनक बंटवारा होगा।

  • ओवैसी रामपुर में मेरी पत्नी से फोन पर हालचाल पूछ सकते थे। ओवैसी दुआ की बात करते हैं, लेकिन वह दुआ नहीं, मेरे दुश्मनों के लिए दवा थी।

आजम को सुप्रीम कोर्ट से राहत, जेल से बाहर रहेंगे

सपा नेता आजम खान को जेल से बाहर ही रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को उन्हें बड़ी राहत दी। ईडी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई थी।

सुनवाई शुरू होने के 5 मिनट के अंदर ही कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। कहा- यह एक अंतरिम आदेश है, इसलिए हम इसमें दखल नहीं देना चाहते। हाईकोर्ट की टिप्पणी का अंतिम फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आजम को अंतरिम जमानत दी थी। कहा था- मामले की परिस्थितियां दिखाती हैं कि कार्रवाई गलत इरादे से की गई।

बुधवार को डासना जेल से रिहा हुए थे आजम

इसके बाद आजम जेल से रिहा हुए और बुधवार रात 10 बजे रामपुर पहुंचे। 31 अक्टूबर को ईडी ने आजम को रामपुर जेल से रिहा होने के 40 मिनट बाद ही गिरफ्तार कर लिया था। तब से वे गाजियाबाद की डासना जेल में बंद थे।