भोपाल: एमपी की राजधानी भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का रोमांच शुरू हो गया है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को सीएम मोहन यादव ने महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी एक बार फिर अपने स्वर्णिम दौर की ओर लौट रही है। टूर्नामेंट में भारत समेत छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान भारत और मलेशिया की टीमें आमने-सामने हैं।
हॉकी के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का भोपाल में आगाज
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्घाटन मुकाबले से पहले भारत और मलेशिया की खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भारतीय महिला हॉकी टीम की स्पोर्ट्स जर्सी का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए यह खेलों का स्वर्णिम दिवस है। प्रदेश में पहली बार इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय एशियन चैंपियनशिप का आयोजन होना खिलाड़ियों, हॉकी प्रेमियों और प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। प्रतियोगिता 19 से 28 नवंबर तक चलेगी।
मोदी के नेतृत्व में खेलों का सकारात्मक माहौल
डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के हॉकी स्टेडियम और स्पोर्ट्स एरीना में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बन रहा है।
भोपाल में 28 नवंबर तक हॉकी का रोमांच
19 से 28 नवंबर तक होंगे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले।
भारत सहित छह देशों की महिला हॉकी टीमें ले रही हिस्सा।
अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित हो रही प्रतियोगिता।
छह देशों की टीमें दिखाएंगी दम
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश की मेहमाननवाजी की परंपरा के अनुरूप सभी टीमों का स्वागत किया जाएगा।