बीजिंग: चीन ने अपने 'थ्री स्वॉर्ड्समेन' बेड़े को अब 'फोर स्वॉर्ड्समेन' में बदल दिया है। ये एक बहुत बड़ा रणनीतिक बदलाव है। अभी तक चीन के पास जो 'थ्री स्वॉर्ड्समेन' बेड़ा था उनमें J-20 स्टील्थ फाइटर जेट, J-16, J-10 जैसे लड़ाकू विमान हैं। अब 'फोर स्वॉर्ड्समेन' बेड़े में J-35A स्टील्थ फाइटर्स को शामिल किया गया है। ये एक बड़ा रणनीतिक बदलाव इसलिए माना जाता है क्योंकि ऐसा करके वो किल चेन नेटवर्क तैयार करना चाहता है। यानि J-35 जेट रडार को बिना ऑन किए डेटा जुटाएगा और जे-10सी और जे-16 मिसाइलों को गाइड करेगा। यानि इसके जरिए चीन सेंसर फ्यूजन और डेटा युद्ध और भविष्य के युद्ध की तैयारी कर रहा है जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का एक बड़ा रोल होगा।

चीन की सरकारी मीडिया सीसीटीवी ने बताया है कि इस विमान में कई अपग्रेडेशन किए गये हैं जैसे इसके एवियोनिक्स, सिचुएशनल अवेयरनेस और हथियारों के इंटीग्रेशन में कई तरह के बदलाव किए गये हैं। चीन WS-19 नाम से टर्बोफैन इंजन भी करीब करीब बना चुका है और आने वाले वक्त में इन्हें विमानों में लगाया जाएगा। सीसीटीवी ने ही अपनी रिपोर्ट में 'फोर स्वॉर्ड्समेन' के बारे में बताया है।
'फोर स्वॉर्ड्समेन' रणनीति क्या है?

  • चीनी डिफेंस एक्सपर्ट्स ने 'थ्री स्वॉर्ड्समेन' की जो थ्योरी दी है उसमें J-20 नाम से भारी स्टील्थ फाइटर जेट, मल्टी रोल एयरक्राफ्ट J-10C और J-16 भारी मल्टी रोल एयरक्राफ्ट शामिल हैं।

  • यानि युद्ध के समय ये सभी फाइटर जेट एक साथ काम करेंगे और J-10C और J-16 की मिसाइलों को जे-20 गाइड करेगा।

नवभारत टाइम्स ऑनलाइन से बात करते हुए भारतीय वायुसेना के पूर्व पाटलट विजयेन्द्र के ठाकुर ने कहा जे-20 की इंजन क्षमता पर सवाल हैं और उसमें अभी भी WS-15 इंजन नहीं बनने की वजह से पुराने इंजन लगाए गये हैं। ऐसी स्थिति में होता ये है कि स्टील्थ विमान अपनी पूरी क्षमता के साथ भारी पेलोड के साथ उड़ान नहीं भर पाते हैं। इसे बिना ऑप्टरबर्नर के सुपरसोनिक स्पीड में क्रूज करने में काफी दिक्कतें होगीं और तिब्बत जैसे मुश्किल हालात जहां ऊंची पहाड़ियां हैं खतरनाक जलवायु है वहां इसके लिए काफी मुश्किलें हो सकती हैं।
J-16 के पायलट झांग यांग ने 2022 में सीसीटीवी को एक इंटरव्यू दिया था। इसमें उन्होंने बताया था कि तीनों मॉडल का एक साथ इस्तेमाल किया जाता है जिसके तहत J-20 की 'सिचुएशनल अवेयरनेस' का फायदा J-16 और J-10C विमान उठाते हैं। यानि 'फोर स्वॉर्ड्समेन' रणनीति को अगर गौर से देखें तो पता चलता है कि इसमें पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट और 4.5 पीढ़ी के लड़ाकू विमानों का मिश्रण है।


क्या तिब्बत में कारगर रहेगी ये रणनीति?

बहुत साधारण शब्दों में समझें तो कागजों पर देखने में ये एक बेहद कारगर रणनीति लगती है लेकिन चीन के लिए भारत के खिलाफ अपने फाइटर जेट्स को ऑपरेट करना कभी आसान नहीं होगा। इसीलिए वो अलग अलग रणनीति को आजमाता रहता है। विजयेन्द्र के ठाकुर ने कहा कि तिब्बत में ऊंची ऊंची पहाड़ियों के बीच फाइटर जेट्स के बीच तालमेल बनाना काफी मुश्किल होता है। क्योंकि वहां घनत्व काफी कम होता है। ऐसे में अगर चीन तीन या चार अलग अलग तरह के विमानों जैसे J-20, J-35A, J-16 और J-10C के बीच 'किल चेन नेटवर्क' बनाने की तैयारी करता है तो ये आसान होगा नहीं।

तिब्बत में चीन के एयरबेस जैसे ल्हासा, शिगात्से और न्गारी गुंसा समुद्र तल से 12 हजार से 14 हजार फीट की ऊंचाई पर हैं इसकी वजह से हवा का घनत्व काफी कम हो जाता है। ऐसी स्थिति में स्टील्थ विमानों खासकर J-35A की स्टील्थ क्षमता के लिए जो कोटिंग की गई होती है वो अत्यंत ठंड और बर्फबारी में जल्द कमजोर हो सकती है।


भारत के पास हैं कई रणनीतिक लाभ

वहीं विजयेन्द्र के ठाकुर का कहना है कि 'फोर स्वॉर्ड्समेन' का जो कंसेप्ट है असल में उसका आधार ये है कि J-35A के डेटा से J-16 और J-10C विमान अपने मिसाइलों को लॉन्च करेंगे। ये सारे सिस्टम हाई स्पीड डेटा लिंक से कनेक्टेड होते हैं। ऐसे में हिमालय की ऊंची पहाड़ियों के बीच से रेडियो सिग्नल भेजना काफी मुश्किल है। जबकि भारतीय विमान मैदानी इलाकों से उड़ान भरेंगे तो कागज पर चीन मजबूत दिख सकता है लेकिन असल युद्ध में ये भारत के पास कई रणनीतिक लाभ हैं। भारत के पास राफेल और Su-30mki जैसे फाइटर जेट्स हैं जिन्हें इन हालात में काफी फायदा होगा।

उनका कहना है कि भारत की रणनीति ये रही है कि स्टील्थ विमानों के नहीं होने के चलते भारतीय वायुसेना ने अपने इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर को काफी मजबूत किया है। भारत के पास ऐसे रडार हैं जो इन विमानों के बीच के कम्युनिकेशन सिस्टम को जाम कर सकते हैं और अगर ऐसा होता है तो चीन की ये चौकड़ी पूरी तरह से बिखड़ जाएगी।