ग्वालियर के ट्रांसपोर्ट नगर के एक किराए के फ्लैट से बहोड़ापुर थाना पुलिस ने रविवार को ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी करने वाले इंटरनेशनल रैकेट का खुलासा किया है। यहां 'LOTUS-247' वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन गेमिंग का पूरा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।
पुलिस ने रविवार को छापामार कार्रवाई कर दो युवकों को पकड़ा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुंबई में बैठा 'हेंड्रिक्स' नाम का व्यक्ति इस रैकेट को ऑपरेट कर रहा था। पुलिस ने जब उसके मोबाइल नंबर की जांच की तो वह यूनाइटेड किंगडम (यूके) के शहर लंदन का निकला।
किराए के फ्लैट में चल रहा था हाईटेक ठगी का अड्डा
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम वाली गली स्थित अर्जुन पाल के फ्लैट में संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियां चल रही हैं। सूचना पर उपनिरीक्षक अतुल सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
मकान में बने दो फ्लैट की तलाशी लेने पर वहां से लैपटॉप, मोबाइल और सिम कार्ड के साथ दो युवक मिले। पूछताछ में आरोपियों की पहचान बिहार निवासी इंदल मुखिया (22) और ग्वालियर के हजीरा निवासी अजय (24) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि दोनों ऑनलाइन मनी गेम्स खिलाते थे। ये ऐसे गेम होते हैं, जिनमें पैसों का दांव लगाया जाता है और जुए या सट्टेबाजी जैसी गतिविधियां होती हैं। पुलिस के अनुसार, इस तरह के प्रतिबंधित ऑनलाइन गेमिंग के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।
25 हजार रुपए सैलरी पर थे युवक
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका बॉस 'हेंड्रिक्स' मुंबई (महाराष्ट्र) में रहता है। वही उन्हें ठगी के लिए लैपटॉप, मोबाइल, फर्जी सिम और म्यूल (किराए के या दूसरे लोगों के बैंक) खाते उपलब्ध कराता था।
मास्टरमाइंड का मोबाइल नंबर लंदन का निकला
पुलिस ने जब मास्टरमाइंड के उस नंबर की जांच की, जिससे वह अपने साथियों को निर्देश देता था, तो वह विदेशी निकला। हेंड्रिक्स का मोबाइल नंबर यूनाइटेड किंगडम की राजधानी लंदन का बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय युवकों को बताया गया था कि हेंड्रिक्स मुंबई से यह काम संचालित कर रहा है, जबकि उसका मोबाइल नंबर यूके का निकला है।
मुंबई जाएगी पुलिस टीम, अन्य गुर्गों की तलाश तेज
बहोड़ापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, जुआ और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप की साइबर सेल की मदद से जांच की जा रही है, ताकि लेनदेन की पूरी चेन का पता लगाया जा सके। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया- मुंबई का रहने वाला है मास्टरमाइंड
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने पकड़ा है। इस रैकेट का मास्टरमाइंड मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन जिस नंबर से वह बात करता था, वह यूनाइटेड किंगडम का निकला है।