कर्नाटक से बड़ा प्रोजेक्ट झटकने की फिराक में चंद्रबाबू नायडू, आंध्र में 10,000 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्र में सत्तारूढ़ एनडीए के खास सहयोगी एन चंद्रबाबू नायडू कर्नाटक से एक बड़ा प्रोजेक्ट झटकने की फिराक में हैं। नायडू ने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) के एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) और लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) का प्रोडक्शन कर्नाटक से आंध्र प्रदेश में शिफ्ट करने का प्रस्ताव दिया है। इसके लिए उन्होंने 10,000 एकड़ जमीन देने का प्रस्ताव रखा है। यह जमीन लेपाक्षी-मडकासिरा हब में होगी। यह जगह बेंगलुरु एयरपोर्ट से लगभग एक घंटे की दूरी पर है। नायडू ने कहा कि HAL को 2026-27 तक ₹2.5 ट्रिलियन के ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। HAL LCA और लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर का प्रोडक्शन बढ़ा रहा है। आंध्र प्रदेश HAL की मदद करने के लिए तैयार है। कनार्टक में अभी कांग्रेस की सरकार है।

AMCA भारत का पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर एयरक्राफ्ट है। इसे HAL दूसरी प्राइवेट कंपनियों के साथ मिलकर बना रही है। नायडू का यह प्रस्ताव एक बड़े डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा है। यह कॉरिडोर 23,000 एकड़ जमीन पर फैला होगा और आंध्र प्रदेश के उत्तर से दक्षिण तक जाएगा। यह भारत का तीसरा डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर होगा। इससे पहले उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में ऐसे कॉरिडोर बन चुके हैं। नायडू ने इस कॉरिडोर में पांच हब बनाने का प्रस्ताव रखा है। हाल में दो दिन के लिए दिल्ली आए नायडू ने कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुलाकात की और इस दौरान राज्य के विकास के लिए कई प्रस्ताव रखे। नायडू ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button