MP में निर्माण कार्यों की डिजिटल घेराबंदी, CM मोहन यादव आज करेंगे ‘परियोजना प्रबंधन प्रणाली 2.0’ का आगाज

 भोपाल। प्रदेश में अधोसंरचना विकास के काम समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे हों, यह सुनिश्चित करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आने वाले भवन विकास निगम ने परियोजना प्रबंधन प्रणाली पोर्टल 2.0 तैयार किया है।
मोहन यादव करेंगे शुभारंभ
इस प्रणाली में प्रत्येक परियोजना के लिए उत्तरदायी–जवाबदेह–समय-सीमा प्रणाली के माध्यम से संबंधित अधिकारी, सक्षम स्वीकृतकर्ता तथा निर्धारित समय-सीमा दर्ज रहेगी। इससे निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। निगम द्वारा तैयार किए गए इस पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव गुरुवार को भोपाल के रवींद्र भवन में होने वाली क्षमता संवर्धन कार्यशाला में करेंगे।
लोक निर्माण मंत्री का क्या कहना है
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि कार्यशाला में लोक निर्माण विभाग, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम तथा मध्य प्रदेश भवन विकास निगम के लगभग दो हजार इंजीनियर और तकनीकी अधिकारी भाग लेंगे।
परियोजना प्रबंधन प्रणाली–2.0 डिजिटल प्रबंधन प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ
इस दौरान प्रशिक्षण कैलेंडर एवं परियोजना प्रबंधन पुस्तिका के विमोचन के साथ परियोजना प्रबंधन प्रणाली–2.0 डिजिटल प्रबंधन प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ होगा। साथ ही सड़क विकास निगम एवं भवन विकास निगम द्वारा केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान, भारतीय राजमार्ग अभियंता अकादमी, इंजीनियरिंग स्टाफ कालेज आफ इंडिया, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मुंबई तथा स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के साथ समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ क्षमता निर्माण, हरित भवन अवधारणा, आधुनिक भवन निर्माण तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्माण क्षेत्र में नवाचार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button