‘ईरान मिसाइल प्रोग्राम पर नहीं झुकेगा’, तेहरान का अमेरिका को चैलेंज, खामेनेई के जखीरे में कौन सी मिसाइलें

तेहरान: अमेरिका से तनाव के बीच ईरान ने कहा कि वह अपने मिसाइल प्रोग्राम पर कोई समझौता नहीं करेगा। ईरान के सुप्रीम लीडर के सलाहकार अली शमखानी ने बुधवार को इस्लामिक क्रांति की 47वीं सालगिरह के मौके पर एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। सरकारी मीडिया ने शमखानी के हवाले से कहा कि इस्लामिक देश की मिसाइल क्षमताओं पर कोई समझौता नहीं हो सकता। यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और अमेरिकी अधिकारी तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर चर्चा के लिए ओमान में पहले दौर की वार्ता कर चुके हैं।

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव

पिछले सप्ताह शुक्रवार को हुई इस बातचीत में कोई सफलता नहीं मिली थी। हालांकि, दोनों पक्षों ने बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई। ईरान का कहना है कि बातचीत सिर्फ परमाणु कार्यक्रम को लेकर होगी, जबकि अमेरिका चाहता है कि तेहरान के बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम और क्षेत्रीय गठबंधन को भी इसमें शामिल किया जाए। इस मुद्दे पर दोनों के बीच गतिरोध के संकेत मिल रहे हैं।

ईरान ने पिछले साल जून में इजरायल के साथ 12 दिनों का युद्ध लड़ा था, जिसमें लगभग 610 लोग मारे गए थे। ईरान को एक बार फिर युद्ध का खतरा सता रहा है। खास तौर पर जब अमेरिका का एक कैरियर स्ट्राइक नौसैनिक बेड़ा मिडिल ईस्ट के पानी में पहुंच चुका है। वहीं, ट्रंप ने एक और बेड़ा भेजने की धमकी दी है।

ईरान को ट्रंप की धमकी

एक तरफ वॉशिंगटन और तेहरान बातचीत का एक और दौर शुरू करने पर विचार कर रहे हैं, वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को धमकी दे रहे हैं। ट्रंप ने पहले दौर की बातचीत को अच्छा बताया लेकिन साथ ही खुली धमकी दी कि ईरान मांगें नहीं मानता है तो अमेरिका सैन्य कार्रवाई करेगा। मंगलवार को अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस से ट्रंप ने कहा, या तो हम डील करेंगे या पिछली बार की तरह कुछ बहुत बड़ा कदम उठाना होगा।

ईरान का बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम

  • अमेरिकी प्रतिबंधों और इजरायल से लगातार खतरों के चलते ईरान ने अपने मिसाइल प्रोग्राम पर बहुत काम किया है।
  • अमेरिकी नेशनल इंटेलिजेंस के अनुसार, ईरान के पास मध्य पूर्व में बैलिस्टिक मिसाइलों का सबसे बड़ा भंडार है। ईरानी मिसाइलों की सीमा 2000 किलोमीटर तक है, जो इजरायल तक की दूरी तय करती है।
  • ईरान की कई मिसाइल साइट राजधानी तेहरान और उसके आसपास स्थित हैं। केरमानशाह और सेमनाम समेत अलग-अलग प्रांतों में कम से कम पांच अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी हैं।
  • ईरान के अर्धसरकारी न्यूज आउटलेट ISNA ने अप्रैल 2025 में 9 मिसाइलों के बारे में बताया था, जो इजरायल तक पहुंच सकती हैं।

ईरान की घातक मिसाइलें

  • सेजिल मिसाइल- 1500-2500 किमी रेंज
  • इमाद मिसाइल- 1700 किमी रेंज
  • गदर मिसाइल- 2000 किमी रेंज
  • शहाब मिसाइल- 1300 किमी रेंज
  • खुर्रमशहर मिसाइल- 2000 किमी
  • होवेजह मिसाइल- 1350 किमी रेंज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button