मध्य प्रदेश में रात के तापमान में चार डिग्री तक का उछाल, आसमान साफ होते ही तपने लगे शहर

भोपाल। मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड की विदाई के साथ अब मौसम के तेवर बदलने लगे हैं। प्रदेश में अब न सिर्फ दिन बल्कि रात के तापमान में भी उछाल आना शुरू हो गया है। बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में रात के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे रात में होने वाली सिहरन अब कम होने लगी है।
मौसम केंद्र के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय न होने के कारण आसमान पूरी तरह साफ है, जिससे सूरज की किरणें सीधे धरती पर पहुंच रही हैं। बुधवार को खरगोन 32.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
खंडवा और मंडला में भी पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। उज्जैन और मंडला जैसे जिलों में दिन के तापमान में 1.3 से 1.4 डिग्री तक की वृद्धि देखी गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और आने वाले दिनों में गर्मी अपना असर दिखाना तेज कर देगी।

दो नए पश्चिमी विक्षोभ देंगे दस्तक
तापमान में यह बढ़ोतरी अभी और जारी रहने की संभावना है। विज्ञानियों ने बताया कि दो नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। पहला विक्षोभ 13 फरवरी और दूसरा 16 फरवरी को हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इनका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button