जनआक्रोश यात्रा का आज हुआ श्री गणेश, 11400 KM का होगा सफर

भोपाल

गणेश चतुर्थी पर कांग्रेस नेताओं ने पूर्जा-अर्चना करने के बाद प्रदेश की सात अलग-अलग जगहों से अपनी जनआक्रोश यात्रा की शुरूआत की। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, जीतू पटवारी और कमलेश्वर पटेल ने अलग-अलग क्षेत्रों से यात्रा शुरू की। सभी अलग-अलग रथ पर सवार होकर यह यात्रा निकालेंगे। यात्रा के शुरू होने के मौके पर कमलनाथ ने कहा कि गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर कांग्रेस जनआक्रोश यात्रा का श्रीगणेश कर रही है। इन यात्राओं का उद्देश्य भाजपा चौहान सरकार के 18 साल के कुशासन से दबी कुचली जनता के दुख दर्ज को अभिव्यक्त करना है।

नाथ ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आमदनी घटा देने के खिलाफ,  प्रदेश की बहन बेटियों को असुरक्षित बना देने के खिलाफ, प्रदेश के नौजवानों से रोजगार छीन लेने के खिलाफ, प्रदेश की जनता पर महंगाई लाद देने के खिलाफ, प्रदेश में चल रहे 50 फीसदी कमीशन राज के खिलाफ यह जन आक्रोश है। यह जन आक्रोश भाजपा सरकार को विदा करने के लिए तत्पर है ताकि प्रदेश की जनता में नया जोश आए और यहां एक जनप्रिय ठोस सरकार बने।

अजय सिंह ने रीवा के किला प्रांगण में स्थित भगवान महामृत्युंजय के मंदिर में जाकर अभिषेक किया और भगवान श्रीगणेश की पूजा की। उनके साथ एआईसीसी के सचिव संजय कपूर भी मौजूद थे। इसके बाद वे  जन आक्रोश यात्रा शुरू करने के लिए सेमरिया रवाना हुए। इसी तरह जीतू पटवारी मंदसौर के पशुपति नाथ मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने भगवान पशुपति नाथ की पूजा अर्चना की उसके बाद वे रथ पर सवार हुए। वहीं प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने जबेरा के मंदिर में जाकर पूजा अर्चना की और फिर रथ याथ शुरू की। वहीं हरदा से सुरेश पचौरी, खरगौन से कांतिलाल भूरिया और चितरंगी से कमेलश्वर पटेल ने यात्रा शुरू की।

17 दिन चलेगी यात्रा
यह यात्रा 17 दिन प्रदेश भर में चलेगी। जिसमें सभी 230 विधानसभा को कवर किया जाएगा। यात्रा 11 हजार 400 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस यात्रा के बीच-बीच में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button