कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' लगातार चर्चा में बनी हुई है। दिल्ली में सोमवार को इस किताब के लॉन्च इवेंट का आयोजन हुआ जिसमें कई नेताओं ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम को राहुल गांधी ने भी संबोधित किया और कहा कि यह किताब उनके माता-पिता के प्रेम और उनकी मां के जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है। कार्यक्रम के दौरान अपनी गर्लफ्रेंड का भी जिक्र किया और उनसे जुड़ी हुई एक याद को साझा किया है।
क्या बोले राहुल गांधी?
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा- "मेरे माता-पिता के बारे में कई तरह की कहानियां प्रसिद्ध थीं। इनमें से एक कहानी यह भी थी कि वे 'वर्सिटी रेस्टोरेंट' में मिले थे। कई सालों बाद, जब मैं कैम्ब्रिज में था, तो मैंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा, 'चलो, वर्सिटी रेस्टोरेंट चलते हैं।' मैं देखना चाहता था कि मेरे माता-पिता कहां मिले थे। मैं वहां बैठ गया। वेटर मेन्यू लेकर आया, तो मैंने उससे कहा, 'मेरे माता-पिता इसी रेस्टोरेंट में मिले थे।' उसने मेरी तरफ देखा और कहा, 'ओह, वे दोनों? मैं उन्हें जानता हूं।' मैंने पूछा, 'आप उनके बारे में क्या जानते हैं?' उसने कहा, 'हां, वे दोनों। मुझे अच्छे से पता है कि आप किनकी बात कर रहे हैं।"
वह मेरी एक दोस्त है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने इस कहानी के बारे में बात करते हुए आगे उस रेस्तरां की एक खास डिश चिकन चॉसर का भी जिक्र किया। राहुल गांधी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- "अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।" इसके बाद इवेंट में दिए गए भाषण में 'गर्लफ्रेंड' का जिक्र करने के बारे में पूछे जाने पर, राहुल गांधी ने कहा, "वह मेरी एक दोस्त है।"
इवेंट में अमरिंदर सिंह भी पहुंचे
सोनिया गांधी की बुक लॉन्चिंग इवेंट में INDIA गठबंधन के कई नेता शामिल हुए। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा लिखने पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ बेबुनियाद कहा गया। सच बताने के लिए मैंने लिखने का फैसला किया। सोनिया गांधी की बुक लॉन्चिंग में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह भी पहुंचे। उन्हें फ्रंट रो में सीट मिली। अमरिंदर ने सोनिया की किताब की जमकर तारीफ की। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस में वापसी से इनकार कर दिया। अमरिंदर सिंह ने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी को पारिवारिक और निजी रिश्तों से जुड़ा बताया।