नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हो तो मुकाबला सिर्फ रनों और विकेटों तक सीमित नहीं रहता। जीत के बाद बयानबाजी और तंज का दौर भी शुरू हो जाता है। अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर हराकर खिताब अपने नाम किया तो इस बार चर्चा पाकिस्तान की युवा टीम की उम्र को लेकर छिड़ गई। भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने इसी मुद्दे पर ऐसा तंज कसा कि उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

'पाकिस्तानियों के लिए उम्र मायने नहीं रखती'

डीपी पांडे ने एक्स पर लिखा कि पाकिस्तानियों के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती। चाहे क्रिकेट हो या जिंदगी, वे हमेशा किशोरावस्था में ही रहते हैं और कभी बड़े नहीं होते। उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम की जीत को पाकिस्तान की उम्र को लेकर उठ रहे सवालों से जोड़ते हुए कटाक्ष किया। उनका इशारा इस बात की ओर था कि भारतीय टीम के युवा खिलाड़ियों ने पाकिस्तान की ऐसी टीम को हराया, जिसके कुछ खिलाड़ियों की उम्र और अनुभव पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पाकिस्तानी टीम के चयन पर सवाल

दरअसल, पाकिस्तान की अंडर-19 टीम को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही बहस चल रही है। कुछ पूर्व खिलाड़ियों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने टीम के चयन पर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि टीम में ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो उम्र और अनुभव के लिहाज से काफी सीनियर नजर आते हैं। अली रजा का नाम भी इस चर्चा में लिया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह कई बड़े अंडर-19 टूर्नामेंट खेल चुके हैं।


पाकिस्तानियों के लिए उम्र कोई मायने नहीं रखती। चाहे क्रिकेट हो या ज़िंदगी, वे हमेशा किशोर ही बने रहते हैं। कभी बड़े नहीं होते।

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे

जीत के बाद उम्र पर बहस

भारत की आखिरी गेंद तक चले मुकाबले में जीत ने इस बहस को और हवा दे दी। क्रिकेट प्रशंसक अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की चयन नीति पर भी सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि भविष्य की टीम तैयार करने के लिए नए खिलाड़ियों को मौका देना जरूरी है। ऐसे में डीपी पांडे का तंज सिर्फ फाइनल की जीत पर प्रतिक्रिया नहीं, बल्कि पाकिस्तान की अंडर-19 टीम के चयन को लेकर चल रही बहस पर भी निशाना माना जा रहा है।