ऋषभ पंत की चोट पर इंग्लैंड के खिलाड़ी का अपडेट, कहा- अब मैच में नहीं खेल पाएंगे

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन काफी गंभीर चोट लगी। क्रिस वोक्स के लो फुल टॉस गेंद पर ऋषभ पंत रिवर्स स्वीप मारने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन, गेंद उनके पैर पर लग गई। गेंद इतनी जोर से लगी कि उनका पैर सूज गया था और खून भी निकलने लगा था। इसके बाद पंत लंगड़ा रहे थे। वह मिनी एंबुलेंस से मैदान से बाहर गए थे। पंत काफी निराश लग रहे थे। बता दें कि यह पहली बार नहीं था जब पंत इस सीरीज में चोटिल हुए हैं।

वह लॉर्ड्स टेस्ट में भी चोटिल हो गए थे। लेकिन, जैसी चोट उन्हें मैनचेस्टर में लगी है, उसे देखकर लगता नहीं है कि वह इस टेस्ट में फिर से खेल पाएंगे। पंत ढंग से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे।

दूसरी बार सीरीज में चोटिल हुए पंत

सीरीज में पंत को दूसरी बार चोट लगी है। लॉर्ड्स में तीसरे टेस्ट के दौरान विकेटकीपिंग करते हुए उनकी उंगली में चोट लग गई थी जिसके कारण वह इंग्लैंड की दूसरी पारी में विकेटकीपिंग नहीं कर पाए थे। ध्रुव जुरेल ने तब सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर विकेटकीपिंग की थी।

पंत की इंजरी पर लियाम डॉसन का बयान

इंग्लैंड के स्पिनर लियाम डॉसन ने पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद ऋषभ पंत की इंजरी पर बड़ा अपडेट दिया था। उन्होंने रिपोर्ट्स से बात करते हुए कहा था कि ऋषभ पंत इस टेस्ट में अब नहीं खेल पाएंगे। डॉसन ने कहा, ‘उम्मीद करता हूं वो ठीक होगा। चोट ठीक नहीं लग रही थी। मेरी प्रार्थना उसके साथ है। वह भारत के लिए बड़ा प्लेयर है। मुझे नहीं लगता हम उसको अब इस टेस्ट मैच में खेलते हुए देख पाएंगे।’ बता दें कि पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 264 रन है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button