151वीं जन्मजयंती पर जनजातीय वीर-वीरांगनाओं की गाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं को संस्कृति और साहित्य से जोड़ने पर जोर
भोपाल। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जन्मजयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में वनवासी कल्याण परिषद कार्यालय, एकलव्य संकुल, भोपाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर-वीरांगनाओं के संघर्ष एवं बलिदान, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोज विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलगुरु प्रो. मिलिंद दांडेकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत अध्यक्ष सोभाग सिंह मुजाल्दे ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विक्रांत सिंह कुमरे ने अपने विचार रखे।
युवाओं को जनजातीय साहित्य और शिक्षा से जोड़ना चाहिए: प्रो. मिलिंद दांडेकर
मुख्य अतिथि भेज विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मिलिंद दांडेकर ने युवाओं को जनजातीय साहित्य से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने जनजातीय संस्कृति, परंपरा एवं जीवनशैली विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने शिक्षा और साहित्य के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत को समझने तथा उसके संरक्षण की दिशा में प्रयास करने का संदेश दिया।
संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण समय की आवश्यकता : सोभाग सिंह मुजाल्दे
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वनवासी कल्याण परिषद के प्रांत अध्यक्ष सोभाग सिंह मुजाल्दे ने जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने पर जोर दिया। उन्होंने जनजातीय समाज की विशिष्ट पहचान, सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवन मूल्यों को संरक्षित रखते हुए उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के महत्व को रेखांकित किया।
जनजातीय वीर-वीरांगनाओं का इतिहास समाज तक पहुंचाना जरूरी : विक्रांत सिंह कुमरे
मुख्य वक्ता विक्रांत सिंह कुमरे ने जनजातीय वीरों एवं वीरांगनाओं की गौरवगाथाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष, त्याग, शौर्य और बलिदान की गाथाओं को समाज के सामने लाना आवश्यक है। उनके योगदान को व्यापक पहचान दिलाकर नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया जाना चाहिए।
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरणा : डॉ कामिनी मेहरा
कार्यक्रम में डॉ. कामिनी मेहरा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन-संघर्ष, अदम्य साहस, वीरता और समाज के प्रति उनके समर्पण का प्रेरणादायी वर्णन किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा में अपना योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं भूमिका उद्बोधन डॉ. कामिनी मेहरा ने प्रस्तुत किया, जबकि मंच संचालन श्रीमती अभिलाषा परेलकर ने किया। कार्यक्रम कमल प्रेमचंदानी, जिला अध्यक्ष, वनवासी कल्याण परिषद, भोपाल और पूरी टीम द्वारा आयोजित किया गया था। जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के विचारों और संघर्षों को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, साहित्य, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने इस संकल्प को रेखांकित किया कि जनजातीय महापुरुषों की प्रेरणादायी गाथाओं को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाकर युवा पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा जाए।