शहडोल: जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शहडोल के ब्यौहारी से जनजातीय समाज के सम्मान और विकास का संदेश दिया। भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण करने के साथ उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात भी मिली।
बिरसा मुंडा को नमन, जनजातीय समाज पर बरसाए फूल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 नवंबर को शहडोल जिले के ब्यौहारी पहुंचे। यहां राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। जनजातीय परंपराओं के अनुसार पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
मुख्यमंत्री ने मंच से पुष्प वर्षा कर कार्यक्रम में शामिल जनजातीय समाज के प्रतिभागियों और आम लोगों का स्वागत किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश-धर्म के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया। उनका 'अपना देश, अपना राज' का उद्घोष जनजातीय अस्मिता का प्रतीक है।
357 करोड़ के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 357.71 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 10 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं में जनजातीय छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह, सीसी रोड और स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय तथा बाउंड्रीवॉल का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास के काम हो रहे हैं। जयसिंह नगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
अगले महीने 4000 करोड़ की औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने शहडोल के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि अगले महीने जिले में करीब 4000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए करीब 4000 करोड़ रुपये की सौगात दी गई है। धार में लगभग 1400 करोड़ रुपये की माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नक्सलवाद के खात्मे और जनजातीय विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय की 43 जातियां शामिल हैं। प्रधानमंत्री जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं का लाभ जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पहले शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जैसे क्षेत्रों में जाने से लोग डरते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं।
पशुपालकों को बेहतर कीमत दिलाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण परिवहन और पशुपालन को लेकर भी सरकार की योजनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं फिर शुरू की जाएंगी। वन अधिकार पट्टाधारकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, ग्रामीण आबादी की अब तक 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। सरकार का लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों व पशुपालकों को दूध की बेहतर कीमत दिलाने के प्रयास किए जाएंगे।
जनजातीय गौरव सप्ताह में प्रदेशभर में 1500 आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों और कॉलेजों में करीब 1500 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों के बलिदान और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।