भोपाल। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सुख शांति भवन, मेडिटेशन रिट्रीट सेंटर, नीलबड़ में दीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। अनुभूति सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेम, शांति, सद्भावना और आध्यात्मिक चेतना का सुंदर संगम देखने को मिला। शिवपुरी से पधारीं राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शबनम दीदी जी की विशेष उपस्थिति एवं उनके प्रेरणादायी अनुभवों ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। बच्चों एवं बहनों ने नृत्य, कविता और मनोरंजक कव्वाली के माध्यम से दीपावली के उल्लास, भारतीय संस्कृति और आपसी प्रेम का संदेश दिया। 'सखी दीपों की महफिल' जैसी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में दीपावली पर्व के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि दीपावली केवल घरों में दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंतर्मन को ज्ञान, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों से प्रकाशित करने का अवसर है। इसी भाव को अनुभव कराने के लिए बहनों द्वारा एंजेलिक स्वरूप में विशेष 'एंजेलिक वर्ल्ड पीस कैंडल लाइट मेडिटेशन' कराया गया। मोमबत्तियों की दिव्य रोशनी के बीच सभी ने शांति, प्रेम और विश्व कल्याण के श्रेष्ठ संकल्पों का अनुभव किया।
इस अवसर पर शिवपुरी से पधारीं राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी शबनम दीदी जी का आत्मीय स्वागत किया गया। उन्होंने अपने जीवन के आध्यात्मिक अनुभवों एवं प्रेरक प्रसंगों को साझा करते हुए राजयोग, परमात्म अनुभूति और जीवन में श्रेष्ठ मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उनके अनुभवों ने उपस्थित भाई-बहनों को आत्मचिंतन एवं आध्यात्मिक जीवन की गहराई को समझने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बड़ी दीदी बीके नीता दीदी जी का विशेष स्नेह एवं मार्गदर्शन रहा। इस अवसर पर उनके जन्मदिन की खुशी भी पूरे ब्रह्माकुमारी परिवार ने हर्षोल्लास के साथ मनाई। बहनों ने उनका सम्मान किया तथा सभी ने शुभभावनाओं और मंगलकामनाओं के साथ उनके प्रति अपना स्नेह व्यक्त किया। केक कटिंग एवं कैंडल लाइट के माध्यम से इस विशेष अवसर को यादगार बनाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी भाई-बहनों ने पारिवारिक नृत्य के माध्यम से उत्सव का आनंद लिया। तिलक एवं ईश्वरीय टोली के पश्चात सभी ने ब्रह्माभोजन स्वीकार किया।
समूचा आयोजन आध्यात्मिकता, पारिवारिक आत्मीयता और सांस्कृतिक उल्लास से परिपूर्ण रहा। इस स्नेह मिलन ने दीपावली के वास्तविक संदेश को जीवन में अपनाने तथा स्वयं प्रकाशित होकर दूसरों के जीवन में भी प्रेम, शांति और खुशियों का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा दी।