कटनी जिले की ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के आश्रित गांव बंगवां में छह महीने से नल-जल योजना बंद है। पानी की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीण हैंडपंप और दूसरे सीमित स्रोतों पर निर्भर हैं। महिलाओं को रोजमर्रा के काम छोड़कर परिवार के लिए पानी लाना पड़ रहा है।
कुछ हैंडपंप खराब, पानी जुटाने में परेशानी
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि गांव में नल-जल योजना से छह महीने से पानी नहीं आ रहा है। कुछ हैंडपंप भी खराब हैं। ऐसे में परिवार की जरूरत के लिए पानी जुटाने में परेशानी होती है। महिलाओं को रोज पानी ढोना पड़ता है।
महिलाओं का कहना है कि जिला मुख्यालय के पास होने के बावजूद गांव को योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूर के छोटे गांवों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हर घर नल, हर घर जल’ योजना का लाभ मिल रहा है, लेकिन बंगवां में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है।
गांव में गंदगी जमा होने की भी शिकायत
ग्रामीणों ने गांव में साफ-सफाई नहीं होने की शिकायत भी की। उनके मुताबिक, कई जगह गंदगी जमा है। इससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत और जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
सीईओ बोले- जल्द करेंगे पानी की व्यवस्था
ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के.के. पांडे ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। ग्राम पंचायत और पीएचई विभाग के अधिकारियों से बात कर गांव में जल्द पानी की व्यवस्था की जाएगी। साफ-सफाई के लिए ग्राम पंचायत को निर्देश दिए जा रहे हैं।