रविवार को जबलपुर और कटनी के बीच सिहोरा के पास पवन एक्सप्रेस (गाड़ी नंबर 11061) की जनरल बोगी में एक यात्री पर चाकू से 3 बार हमला किया गया। आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। घायल यात्री को कटनी पहुंचने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित की पहचान शिवम सिंह (20) के रूप में हुई है। वह बिहार के कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के ग्राम बसहा का रहने वाला है। शिवम गोवा के एक निजी होटल में सिक्योरिटी ऑफिसर है और छठ पूजा मनाने घर जा रहा था।

शिवम ने बताया कि वह कल्याण जंक्शन से पवन एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार होकर बनारस जा रहा था। नासिक स्टेशन से एक अज्ञात युवक ट्रेन में चढ़ा था। जबलपुर और सिहोरा के बीच शिवम टॉयलेट के दरवाजे के पास बैठा था।


आरोपी ने डाला था जैब में हाथ

शिवम के मुताबिक, युवक ने उसकी जेब में हाथ डालने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज की और फिर से जेब में हाथ डालने लगा। शिवम ने उसका हाथ पकड़ा, जिसके बाद युवक ने चाकू से हमला कर दिया। बचाव के दौरान शिवम के चेहरे, हाथ और पैरों पर चोटें आईं।

घटना के बाद सहयात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन पर फोन कर मदद मांगी। शिवम का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे तक कोई पुलिसकर्मी या मेडिकल टीम मौके पर नहीं पहुंची।

ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचने पर घायल यात्री को किसी तरह नीचे उतारा गया और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार किया गया।

मौके पर नहीं पहुंच सका पुलिसबाल

इस पूरे मामले को लेकर जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि घटना के समय ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने और उस स्थान पर ट्रेन का आधिकारिक स्टॉपेज न होने के कारण पुलिस बल तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सका था। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में संज्ञान लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।