Jio ने अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस शुरू करने के लिए स्वदेशी स्पेस कंपनियों के साथ हाथ मिलाने की तैयारी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक Jio अपने सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में भेजने के लिए इसरो, स्काईरूट एयरोस्पेस और अन्य भारतीय कंपनियों के साथ बात कर रही है। दरअसल कंपनी की प्लानिंग 1600 सैटेलाइट्स लॉन्च करने की है, जिसकी शुरुआत अगले दो सालों में 390 सैटेलाइट्स के पहले बैच से होगी।
इस तरह से देश में सैटेलाइट डिजाइन से लेकर लॉन्चिंग तक का पूरा सिस्टम तैयार होगी। साथ ही उभरते प्राइवेट स्पेस सेक्टर को भी सहारा मिलेगा।
स्वदेशी कंपनियों के साथ होगी साझेदारी
रिपोर्ट्स के अनुसार Jio की कोशिश सैटेलाइट प्रोजेक्ट की पूरी वैल्यू चेन को भारत में ही रखने की है। इसमें सैटेलाइट डिजाइनिंग, इंजीनियरिंग, टेस्टिंग और लॉन्चिंग से लेकर संचालन तक के सभी काम शामिल हैं।
इसके लिए Jio स्काईरूट एयरोस्पेस के संपर्क में है, जिसने जुलाई 2026 में विक्रम-1 के जरिए भारत का पहला निजी ऑर्बिटल लॉन्च पूरा किया था।
स्काईरूट एयरोस्पेस के अलावा अग्निकुल कॉसमॉस, एथेरियलएक्स और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड और लार्सन एंड टुब्रो के कंसोर्टियम जैसे कई अलग-अलग घरेलू ऑप्शन पर भी विचार किया जा रहा है।
स्पेसएक्स से भी चल रही है बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक Jio अपने सैटेलाइट अंतरिक्ष में पहुंचाने के लिए भारतीय कंपनियों को प्राथमिकता देना चाहता है लेकिन देश में रॉकेट उपलब्धता और पेलोड क्षमता को देखते हुए कंपनी स्पेसएक्स से भी बात कर रही है।
रिपोर्ट्स की मानें, तो ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन के स्पेस फेलो चैतन्य गिरी का मानना है कि भारतीय स्टार्टअप्स अभी इतनी बड़ी मांग को अकेले पूरा करने से दूर हैं, इसलिए लॉन्चिंग की जिम्मेदारी दुनिया भर में बंट सकती है।
गौरतलब है कि इसरो के प्राइवेट हो चुके पीएसएलवी रॉकेट को HAL और L&T मिलकर बना रहे हैं। इन कंपनियों का ट्रैक रिकॉर्ड भरोसेमंद है। इससे पहले इसरो ने 2022 और 2023 में अपने भारी रॉकेट एलवीएम3 से वनवेब के 72 सैटेलाइट्स लॉन्च किए थे।
देशभर में तैयार होंगे 23 ग्राउंड स्टेशन
सरकार Jio, वनवेब और स्टारलिंक को सैटेलाइट इंटरनेट लाइसेंस दे चुकी है। इसके लिए अमेजन अभी तक कतार में हैं। इन कंपनियों के कमर्शियल सर्विस शुरू करने के लिए सिर्फ स्पेक्ट्रम आवंटन का इंतजार है। इस पर TRAI ने इसी महीने सिफारिशें दी हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी 49वीं सालाना आम बैठक में भी लो-अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट नेटवर्क बनाने की बात कही थी। इस नेटवर्क को सपोर्ट देने और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाने के लिए जियो पूरे भारत में 23 ग्राउंड स्टेशन भी बनाएगा।