नई दिल्ली: खानेपीने की चीजों की कीमत में हाल में काफी बढ़ोतरी हुई है। चावल, दाल, सब्जी, चीनी, फल, दूध, अनाज, खाद्य तेल, मसाले, मीट, अंडे और मछली की बढ़ी हुई कीमत में आम लोगों की गृहस्थी का बजट बिगाड़कर रख दिया है। इतना ही नहीं, हवाई किराया, जूलरी और घड़ियां, बाहर खाना-पीना, मोबाइल, फर्नीचर, किचन अप्लायंसेज और कपड़ों की कीमत पर भी महंगाई का असर देखने को मिला है।
अक्टूबर में हेडलाइन रिटेल महंगाई 6.09 फीसदी पहुंच गई जो आरबीआई की 6 फीसदी की लिमिट से ज्यादा है। न्यू बेस सीरीज में पहली बार महंगाई इस स्तर पर पहुंची है। इस दौरान खाद्य महंगाई 8.9 फीसदी पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक अक्तूबर में चावल की कीमत पिछले साल के मुकाबले 12.5 फीसदी बढ़ी है। इसी तरह मिलेट्स की कीमत में 38%, ज्वार में 18.7% तेजी आई।
कितनी बढ़ी कीमत?
प्याज की कीमत इस दौरान 116%, लहसुन की 60% और अदरक की कीमत में 48% उछली है। अरहर की कीमत इस अक्तूबर में पिछले साल के मुकाबले 15% बढ़ी है। उड़द की कीमत में 11.6% और चने में 7.4% तेजी आई है। फलों की कीमत में भी काफी तेजी देखने को मिली है। केला 11%, अमरूद 15%, नींबू 48%, प्याज 18% और लीची 17% महंगी हुई है।
चिकन की कीमत में अक्टूबर में 11.3% और अंडे की कीमत में 8.3% गिरावट आई है लेकिन फिर भी इनकी कीमत हाई बनी हुई है। इस दौरान मछली की कीमत में भी 8.5% तेजी रही। खाद्य तेल भी इस दौरान काफी महंगा हुआ है। रिफाइंड की कीमत में जहां 16% तेजी आई, वहीं मूंगफली तेल 16.5% और सरसों का तेल 9.8% महंगा हो गया। लाल मिर्च की कीमत में 23%, धनिए में 22% और हल्दी की कीमत में 8% तेजी आई।
खर्च में कटौती
इस बीच लोकल सर्कल्स के एक सर्वे के मुताबिक जरूरी चीजों की बढ़ती कीमत ने भारतीय परिवारों के बजट को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। सर्वे में शामिल 61 फीसदी उपभोक्ताओं का कहना है कि वे पिछले 12 महीनों की तुलना में अब घरेलू आवश्यक वस्तुओं पर हर महीने 20 फीसदी से ज्यादा खर्च कर रहे हैं। इस भारी महंगाई के दबाव में 74 फीसदी लोग अपने गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं जबकि 50 फीसदी लोग आवश्यक वस्तुओं की कम मात्रा खरीद रहे हैं।
थोक महंगाई
इस बीच थोक महंगाई दर अक्टूबर में सालाना आधार पर बढ़कर 12.29 प्रतिशत रही जो सितंबर 2026 में 11.39 प्रतिशत थी। इसकी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में सालाना आधार पर 32.84 प्रतिशत के उछाल को माना जा रहा है। इससे अक्टूबर 2026 के लिए सभी वस्तुओं का थोक महंगाई का सूचकांक बढ़कर 113.3 हो गया है, जबकि सितंबर 2026 में यह 112.5 था। सोमवार को सरकार की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया कि अक्टूबर में प्राथमिक वस्तुओं, ईंधन और बिजली और विनिर्मित वस्तुओं में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर क्रमश: 9.24 प्रतिशत, 32.84 प्रतिशत और 9.54 प्रतिशत थी। सितंबर में यह क्रमश: 8.67 प्रतिशत, 25.85 प्रतिशत और 9.76 प्रतिशत थी।