​​आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ऐप्स बनाना मुश्किल काम है। कोडिंग में माहिर सॉफ्टवेयर डेवलपर ही इस तरह के ऐप्स बना सकते हैं। अगर आप भी यह सोचते हैं तो बता दें कि अब ऐसा नहीं है। दरअसल, हैदराबाद में हुए एक हालिया प्रयोग ने साबित कर दिया है कि सिर्फ एक स्मार्टफोन का इस्तेमाल करके भी AI टूल बनाया जा सकता है। 38 प्रोफेशनल्स के एक ग्रुप ने लगभग 35 मिनट में 57 काम करने वाले AI एजेंट बनाए हैं। खास बात तो यह है कि इसके लिए उन्होंने न तो किसी लैपटॉप का इस्तेमाल किया और न ही कोई कोड लिखा। उन्होंने बस अपने फोन का व्हाट्सऐप का इस्तेमाल करके एआई एजेंट बनाएं हैं। आइये, जानते हैं कैसे।​
50 प्रोफेशन्ल इवेंट में हुए शामिल


हाल ही में हैदराबाद के हाईटेक सिटी (HITEC City) में फ्यूचर प्रूफ इंडिया ने लेवरेज अथॉरिटी रिट्रीट (LAR) 2026 का आयोजन किया गया। दो दिन तक चलने वाले इस इवेंट में बेंगलुरु, पुणे, दिल्ली NCR, मुंबई, चेन्नई और हैदराबाद जैसे शहरों से 50 प्रोफेशन्ल शामिल हुए, जिनमें मैनेजर, डेवलपर, आर्किटेक्ट और सीनियर बिजनेस लीडर शामिल थे।

इस इवेंट में शामिल लोगों से कहा गया कि वे अपने रोज के कामों में से कोई ऐसा काम चुनें जो बार-बार करना पड़ता है या जिसमें बहुत ज्यादा समय लगता है, ताकि उसे मशीन (AI) से अपने आप करवाया जा सके।


व्हास्टऐप चैटबॉट को दिया निर्देश


इसके लिए उन्हें किसी मुश्किल सॉफ्टवेयर की सेटिंग करने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने बस यह लिखकर बताया कि उन्हें अपने AI एजेंट से क्या काम करवाना है और उस मैसेज को फ्यूचर प्रूफ इंडिया द्वारा बनाए गए एक व्हाट्सऐप चैटबॉट पर भेज दिया। चैटबॉट ने इन मैसेज को तुरंत समझा और उन्हें काम करने वाले AI एजेंटों में बदल दिया, साथ ही हर एक के लिए एक अलग वेब लिंक भी दे दिया।

वहां मौजूद 50 लोगों में से 38 लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। उन्होंने करीब 35 मिनट के अंदर 57 AI एजेंट तैयार कर लिए, और हर एक एजेंट औसतन सिर्फ 43 सेकंड में बनकर चालू हो गया।


लोन प्री-स्क्रीनर एजेंट


इस इवेंट के दौरान बनाए गए ये ऐप्स सिर्फ सामान्य बातचीत करने वाले चैट टूल नहीं थे। ये बैंकिंग, ह्यूमन रिसोर्स, क्लाउड सर्विस और इंश्योरेंस जैसे क्षेत्रों के पेशेवरों द्वारा बनाए गए ऐसे समाधान थे, जिन्हें रोजमर्रा की वास्तविक समस्याओं को हल करने के लिए डिजाइन किया गया था।

एक प्रोफेशनल ने लोन प्री-स्क्रीनर एजेंट तैयार किया। यह टूल लोन के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति के डिटेल की जांच बैंक के लोन नियमों के आधार पर करता है। यह तुरंत बता देता है कि कौन सी जानकारी गायब है और जो आवेदन न्यूनतम शर्तों को पूरा नहीं करते, उन्हें यह टूल क्रेडिट ऑफिसर द्वारा जांचे जाने से पहले ही रिजेक्ट कर देता है।


HR के काम के लिए बनाया एजेंट


एक अन्य प्रतिभागी ने पेरोल वैरियेंस एक्सप्लेनर बनाया। इस AI एजेंट को यह समझाने के लिए तैयार किया गया था कि किसी कर्मचारी की सैलरी पिछले महीने की तुलना में क्यों बदली है। यह टूल HR टीमों को कंपनी का फाइनल पेरोल प्रोसेस होने से पहले ही किसी भी तरह की गड़बड़ी का पता लगाने और उसे ठीक करने में मदद करता है।