इस्लामाबाद: पाकिस्तान के आर्मी चीफ असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को मौजूदा समय में दुनिया की सबसे प्रभावशाली मुस्लिम शख्सियत माना गया है। लिस्ट में सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयब एर्दोगन भी पहले नंबर पर हैं। रॉयल ​​इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) ने दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की लिस्ट में चार लोगों को संयुक्त रूप से टॉप पर रखा गया है।

जॉर्डन के अम्मान में स्थित शोध संस्थान RISSC साल 2009 से हर साल दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानो शीर्षक से रिपोर्ट प्रकाशित कर रहा है। संस्थान का दावा है कि वह अपनी लिस्ट में उन लोगों को सामिल करता है, जो बड़ा प्रभाव डालने वाले पदों पर हैं। वह मुस्लिम समुदाय के लिए अहम योगदान देने वाले लोगों को भी इसमें शामिल करता है।
पाकिस्तानी नेताओं ने जताई खुशी

डॉन के मुताबिक, इस सूची में पहली बार शीर्ष स्थान पर चार नाम हैं। ऐसा पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच हुए मक्का समझौते को मान्यता देने के लिए किया गया है। यह इस बात का संकेत है कि मुस्लिम देश एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए किस तरह मिलकर काम कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक फैसले की अहम वजह मक्का संयुक्त रक्षा समझौता है।

पाकिस्तान के नेताओं ने इस लिस्ट को अपने देश के लिए गर्व का विषय कहा है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स पर लिखा कि यह हर पाकिस्तानी के लिए आभार जताने का क्षण है। पीएमएलएन सांसद समर ने एक्स पर लिखा, 'यह देश के लिए गर्व का क्षण है। हमारे प्रधानमंत्री और सीडीएफ दुनिया के प्रभावशाली मुसलमानों की सूची में सबसे ऊपर हैं।'
खामेनेई और हूती शीर्ष 15 में

पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के नेताओं के बाद इस सूची में चौथे नंबर पर ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई और पांचवें स्थान पर जॉर्डन किंग अब्दुल्ला द्वितीय हैं। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी छठे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के शेख मोहम्मद तकी उस्मानी को सातवां सबसे प्रभावशाली मुस्लिम माना गया है।

इस लिस्ट में आठवें नंबर पर मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम, नौवें नंबर पर मोरक्को के किंग मोहम्मद छठें और दसवें नंबर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो हैं। ग्यारहें नंबर पर यमन के हूती नेता शेख अब्दुल मलिक हूती हैं। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल-नाहयान 12वें स्थान पर हैं।

सालेह और ममदानी का भी नाम

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह सईद अल-सीसी 22वें स्थान पर हैं। पाकिस्तानी इस्लामिक विद्वान मौलाना तारिक जमील 32वें और मिस्र के स्टार फुटबॉलर मोहम्मद सालेह 39वें स्थान पर हैं। फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास 45वें और सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा 46वें स्थान पर हैं।

न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी इस सूची में 49वें सबसे प्रभावशाली मुस्लिम के रूप में शामिल हैं। इस लिस्ट में हमास प्रमुख खलील अल-हय्या, पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान, लंदन के मेयर सादिक खान और अमेरिका में सीनेटर चुने गए अब्दुल अल-सैयद भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

मैन और वूमन ऑफ द ईयर

हर साल RISSC दो लोगों को 'मैन ऑफ द ईयर' और 'वूमन ऑफ द ईयर' के रूप में चुनता है। इस साल फिलिस्तीन के बच्चों के डॉक्टर हुसाम अबू सफिया को 'मैन ऑफ द ईयर' चुना गया है। वे ऐसे डॉक्टर हैं, जिन्होंने अपने मरीजों को छोड़ने से इनकार कर दिया। अपने बेटे को दफनाकर भी वह वार्ड में लौट आए। वे 600 से अधिक दिनों से इजरायली हिरासत में हैं।

ईरान के मिनाब स्कूल हमले में बचीं फातिमेह जहरा शेखआबादी को वुमन ऑफ द ईयर से नवाजा गया है। ईरान के मिनाब में लड़कियों के प्राइमरी स्कूल पर अमेरिकी हमले में 150 मौतें हुई थीं। अपने स्कूल पर हुए अमेरिकी हमले में बचने वाली शेखआबादी जिनेवा गईं और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में विश्व नेताओं से अपील की कि वे मिनाब के बच्चों की आवाज सुनें।