रोम: इटली की फोर्जा इटालिया पार्टी की नेता डेबोरा बर्गमिनी ने भारत शिखर सम्मेलन (भारत समिट) में वोट चोरी पर टिप्पणी के लिए यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के लीडर जियाकोमो फिलिबेक की आलोचना की है। उन्होंने इस तरह की टिप्पणी को एक रणनीतिक साझेदार देश के लिए अनुचित बताया है। इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी की सरकार में सहयोगी डेबोरा ने कहा है कि भारत में अपना एक स्थापित सिस्टम है, जहां दूसरे नेताओं को कमेंट करने की जरूरत नहीं है।
हैदराबाद में इटली नेता के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे पर डेबोरा बर्गमिनी ने मोदी सरकार का बचाव किया है। उन्होंने नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने वाले जियाकोमो फिलिबेक का जवाब देते हुए भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रणाली की तारीफ की। बर्गमिनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि जिस भारत में 97 करोड़ नागरिक वोट डालते हैं, उसे लोकतंत्र पर उपदेश देना ठीक नहीं है। भारत के पास अपने विवाद सुलझाने के लिए खुद की न्यायपालिका है।
मेरा मानना है कि डेमोक्रेसी में हर कोई अपने मनचाहे दावे और आरोप लगाने के लिए आजाद है। बशर्ते वे उन्हें साबित कर सकें। ऐसे मामलों में दोस्ताना देश में घरेलू पॉलिटिकल बहस में पड़ना गलत है, जिसके साथ हमारे देश ने एक खास स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप बनाई है और सभी सेक्टर में गहरा सहयोग डेवलप किया है।
बर्गमिनी
क्या है विवाद
पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव फिलिबेक ने मतदाता सूची में गड़बड़ियों के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अभियान का समर्थन किया है। हाल ही में तेलंगाना में एक सभा को संबोधित करते हुए फिलिबेक ने विपक्ष के 'वोट चोर, गद्दी छोड़' नारे को दोहराया। इस नारे को विपक्ष मौजूदा सरकार के खिलाफ लगा रहा है।
भारत समिट में बोलते हुए फिलिबेक ने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के सिद्धांत का बचाव करने के लिए राहुल गांधी की तारीफ की और पारदर्शी मतदाता सूची की मांग की। फिलिबेक ने कहा कि राहुल गांधी ने एक ऐसे बुनियादी सिद्धांत का बचाव किया है, जिस पर हर लोकतंत्र टिका होता है। यह सिद्धांत है- 'एक व्यक्ति, एक वोट'।
यूरोपियन होने के नाते हम ऐसे देश को डेमोक्रेसी का पाठ पढ़ाना गलत मानते हैं जो 970 मिलियन नागरिकों को वोट देने की इजाजत देता है। हर झगड़े और विवाद को डेमोक्रेसी के नियमों का पालन करके और उनका सम्मान करके सुलझाया जाना चाहिए।
बर्गमिनी
फिलिबेक ने किया नारे का बचाव
फिलिबेक ने समिट में अपनी भागीदारी का बचाव करते हुए कहा कि लोकतंत्र के सामने आने वाली चुनौतियों की ओर ध्यान खींचने के लिए ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, 'भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं और हमें इसकी रक्षा करनी होगी। इसकी रक्षा करने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े होना है।'