अक्षय कुमार और विपुल शाह की नई फिल्म 'समुक' के दो मोशन पोस्टर जारी कर दिए गए हैं। बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' ने सोमवार को सोशल मीडिया पर अपनी इस अपकमिंग साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर 'Samuk' की झलक दिखाई है। मोशन पोस्टर ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। एक्टर के चाहने वाले इसे 'खतरनाक' और बैकग्राउंड स्कोर की तारीफ कर रहे हैं। लगे हाथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। हालांकि, कई यूजर्स सुपरस्टार के AI-जेनरेटेड लुक की इसलिए आलोचना कर रहे हैं कि मेकर्स को इसकी बजाय कुछ असल जैसा दिखाना चाहिए था।
कहना होगा कि 'समुक' के दोनों मोशन पोस्टर इसकी कहानी और प्लॉट को लेकर रहस्य को बढ़ाते हैं। विपुल शाह के बैनर तले बन रही इस फिल्म की कहानी को लेकर कोई खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन मोशन पोस्टर शेयर करते हुए अक्षय ने कैप्शन में लिखा है, 'एक शिकारी। एक मिशन। एक ऐसी लड़ाई, जिसका कोई नियम नहीं है।'
मोशन पोस्टर देख फैंस बोले- ये तो शानदार लग रही
अक्षय कुमार ने दूसरे मोशन पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा है, 'दुश्मन इंसान नहीं है। लेकिन यह लड़ाई इंसानियत के लिए है। और पीछे हटना कोई विकल्प नहीं है।' एक्टर के पोस्ट पर फैंस के मजेदार कॉमेंट्स भी आ रहे हैं। अधिकतर यूजर ने इसे 'एक्साइटमेंट बढ़ाने वाला', 'खतरनाक' और 'हॉलीवुड के लेवल' का बताया है। एक यूजर ने लिखा है, 'अक्षय सर लगातार एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। इस फिल्म का इंतजार रहेगा। सुपर कूल।'
'समुक' के मोशन पोस्टर्स से कहानी का हिंट
'समुक' के इन मोशन पोस्टर्स में एक बहुत बड़ा दैत्य जैसा हाथ दिखाई देता है। यह किसी विशाल जीव का लग रहा है। इससे फिल्म के साइंस-फिक्शन होने का संकेत मिलता है। जबकि दूसरे पोस्टर में हमें उस बड़े जीव का सिर दिखता है, जो बहुत हद तक डायनासोर जैसा लगता है। पोस्टर में अक्षय कुमार एक जंगल में बड़ी बंदूक लिए खड़े नजर आ रहे हैं, जिससे पता चलता है कि उनका किरदार इन दैत्यकार जीवों से निपटने के खतरनाक मिशन की तैयारी कर रहा है।
'समुक' रिलीज डेट
मोशन पोस्टर्स के साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया है। यह फिल्म अगले साल 28 मई, 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
'समुक' की कास्ट
कनिष्क वर्मा के डायरेक्शन में बन रही 'समुक' को सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की टीम ने पिछले साल अगस्त में ब्रिटेन में शूटिंग शुरू की थी। तब बताया गया था कि इसके इंटरनेशनल शेड्यूल के दौरान फिल्म का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा शूट कर लिया गया है। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा, रुक्मिणी मैत्रा, विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, स्वानंद किरकिरे, बनिता संधू और सुशांत सिंह अहम भूमिकाओं में हैं।
'समुक' का हॉलीवुड कनेक्शन
अक्षय कुमार की इस फिल्म से हॉलीवुड के इंटरनेशनल एक्सपर्ट्स भी जुड़े हुए हैं। इनमें 'एलियन' और 'प्रिडेटर' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर एकेडमी अवार्ड के लिए नॉमिनेट हो चुके क्रिएचर-इफेक्ट्स डिजाइनर एलेक गिलिस शामिल हैं। फिल्म के एक्शन सीक्वेंस को ब्रिटिश एक्शन डायरेक्टर ल्यूक टंबर ने डिजाइन और डायरेक्ट किया है।
अक्षय कुमार और विपुल शाह 13 साल बाद साथ कर रहे काम
मेकर्स ने फिल्म के किरदारों और कहानी के बारे में वैसे तो कोई जानकारी नहीं दी है। इस फिल्म में अक्षय कुमार और विपुल अमृतलाल शाह 13 साल बाद फिर से साथ काम कर रहे हैं। साल 2014 में विपुल शाह की 'हॉलिडे: अ सोल्जर इज नेवर ऑफ ड्यूटी' आई थी। 'वैरायटी इंडिया' से बातचीत में विपुल शाह ने कहा था, 'मैं 13 साल के लंबे समय के बाद अक्षय कुमार के साथ एक नए सफर की शुरुआत कर रहा हूं और यह बेहद खुशी और गर्व का पल है। अक्षय सर के साथ हर बार कुछ बेहतर और बड़ा करने की चाहत ही हमारे सफर की पहचान रही है। हमने खुद को लगातार बेहतर करने के लिए कई तरह से एक-दूसरे को चुनौती दी है। इस बार यह चुनौती पहले से कहीं ज्यादा बड़ी है। मुझे उम्मीद है कि हम मिलकर कुछ ऐसा बनाएंगे जिसे लोग बहुत पसंद करेंगे।'